
कैलिफोर्नियाः अमरीका के कैलिफोर्निया में छह अगस्त को हुए सिख पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साहिब सिंह नट हत्याकांड में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों में एक टायरोन यूनियन सिटी के पुलिस प्रमुख डेरिल मैकएलिस्टर का बेटा भी शामिल है। पुलिस अधिकारी के बेटे टायरोन मैकएलिस्टर की उम्र 18 साल बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों किशोरों पर लूटपाट का प्रयास और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। उधर, बेटे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारी ने फेसबुक पर लिखा है कि वे इस घटना से बेहद दुखी और शर्मिंदा हैं।
साहिब सिंह पर ऐसे हुआ था हमला
दरअसल साहिब सिंह नट छह अगस्त को सुबह के समय टहल रहे थे। इस दौरान दो लोग उनके पास पहुंचे और किसी बात पर बहस हो गई। विवाद के दौरान दोनों लड़कों ने 71 वर्षीय साहिब सिंह को बेरहमी से पीटा। इससे वे गिर गए और उनकी पगड़ी निकल गई। जब वह उठने की कोशिश करने लगे तो दूसरे लड़के ने उनके पेट पर तेजी से पैर मारा और उनके ऊपर थूक दिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि यह हमला नस्लीय था या नहीं। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
31 जुलाई को भी सिख पर हुआ था हमला
इससे पहले 31 जुलाई को 50 वर्षीय सिख सुरजीत मलही के साथ भी मारपीट की गई थी। इस दोनों सिखों पर हुए हमले के बाद अमरीका में रह रहे सिखों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों को डर है कि नस्लीय हमला किसी और भी सिख पर हो सकता है। इसलिए पुलिस को इन मामलों में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।