
अमेठी(Smriti Irani Panchayat Voters List Name Missing) : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद एक बड़ा मामला सामने आया है। अमेठी की पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में नहीं मिला है, जबकि उनका नाम विधानसभा और लोकसभा मतदाता सूची में दर्ज है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल न होने के कारणों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, स्मृति ईरानी ने वर्ष 2021 में गौरीगंज तहसील के मेदन मवई गांव में करीब 11 बिस्वा जमीन खरीदी थी। 29 जुलाई 2021 को उनके पुत्र जोहर ईरानी ने भूमि पूजन कर आवास निर्माण की शुरुआत की थी। मकान बनने के बाद 22 फरवरी 2024 को स्मृति ईरानी ने गृह प्रवेश किया था।
इसके बाद उनका नाम गांव के लीला टिकरा बूथ की मतदाता सूची में दर्ज हुआ और उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी बूथ पर मतदान भी किया था। इससे पहले वह मुंबई उत्तर-पश्चिम संसदीय क्षेत्र की मतदाता थीं।
वर्ष 2019 से 2024 तक अमेठी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली स्मृति ईरानी का नाम वर्तमान में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन 10 जून को प्रकाशित पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम नहीं मिला। इसके बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि पंचायत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता है। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि स्मृति ईरानी की ओर से संबंधित आवेदन पत्र जमा किया गया था या नहीं। यदि आवेदन मिला होगा तो नियमानुसार उनका नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में अभिलेखों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
भाजपा की अमेठी जिला इकाई के अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन जमा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और अधिकारियों ने सत्यापन के बाद नाम जोड़ने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को अमेठी सीट से पराजित किया था। इसके बावजूद उनका अमेठी से राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश में 10 जून को पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी। वर्ष 2026 की अंतिम पंचायत मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 12 करोड़ 58 लाख 51 हजार 570 मतदाता दर्ज किए गए हैं। यह संख्या वर्ष 2021 की तुलना में 29 लाख से अधिक बढ़ी है।
विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान 2 करोड़ 32 लाख 24 हजार 805 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि मृत, स्थानांतरित और अपात्र पाए गए 2 करोड़ 3 लाख 23 हजार 287 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इसी प्रक्रिया के बीच स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में न होना अब चर्चा का विषय बन गया है।