अमरोहा

अमरोहा में रूह कंपा देने वाली वारदात: 8 साल की मासूम से दुराचार, लहूलुहान कर भागा आरोपी

Amroha Crime: अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय युवक ने एक 8 साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया।

2 min read
Jun 09, 2026
amroha crime case accused home demolished by bulldozer
अमरोहा में रूह कंपा देने वाली वारदात

Amroha Crime News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से मानवता को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना रहरा क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक 20 साल के दरिंदे ने महज 8 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी की बेरहमी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह बच्ची को तड़पता और खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। रोती-बिलखती मासूम जब किसी तरह अपने घर पहुंची, तो उसकी हालत देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। कपड़ों पर लगे खून के धब्बे और बच्ची की आपबीती सुनते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।

बैलगाड़ी पर बहला-फुसलाकर ले गया खेत

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, 8 वर्षीय मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला फरमान अली वहां पहुंचा। उसने बच्ची को बहलाया-फुसलाया और अपनी बैलगाड़ी में बैठाकर गांव के पास ही स्थित सुनसान खेतों की तरफ ले गया। वहां आरोपी ने मासूमियत का गला घोंटते हुए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी फरमान अली के खिलाफ रेप और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का 5 घंटे का अल्टीमेटम

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खुद एसपी लखन सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जब पुलिस की टीम आरोपी फरमान अली को दबोचने उसके घर पहुंची, तो वह गायब मिला। एएसपी अखिलेश भदौरिया के मुताबिक, आरोपी के परिजनों ने शुरुआत में उसे पुलिस से छिपाने और भगाने की कोशिश की। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस प्रशासन ने परिजनों को महज 5 घंटे का सख्त अल्टीमेटम दिया कि या तो आरोपी को पुलिस के हवाले करो, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो।

8 घंटे में न्याय

जब अल्टीमेटम की समय सीमा खत्म हो गई और आरोपी फरमान ने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तुरंत एक्शन मोड में आते हुए आरोपी के घर की पैमाइश (माप) शुरू कर दी। जांच में आरोपी के मकान का एक हिस्सा (एक कमरा और बाथरूम) पूरी तरह अवैध पाया गया। फिर क्या था, रात के करीब 8 बजते ही पुलिस की मौजूदगी में भारी-भरकम जेसीबी आरोपी के दरवाजे पर गरजने लगी। महज कुछ ही मिनटों में आरोपी फरमान के अवैध कमरे, बाथरूम और वारदात में इस्तेमाल की गई बैलगाड़ी के ठेले को मलबे में तब्दील कर दिया गया।

फरार दरिंदे की तलाश तेज

इस त्वरित और अभूतपूर्व प्रशासनिक कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर पूरा गांव इकट्ठा हो गया था। इलाके में तनाव न फैले, इसके लिए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे और उनके खिलाफ ऐसी ही कठोर व दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल, फरमान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।

Published on:
09 Jun 2026 11:03 am