अमरोहा

अमरोहा पुलिस का ‘ऑपरेशन दहन’ सफल, ₹15.5 करोड़ के नशीले पदार्थ किए नष्ट; तस्करों में मचा हड़कंप

अमरोहा पुलिस ने ₹15.5 करोड़ से अधिक कीमत के नशीले पदार्थ नष्ट किए (फोटो- पत्रिका) Amroha News: अमरोहा पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 मामलों में जब्त 2002 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में गांजा, चरस, हेरोइन और अन्य पदार्थ शामिल थे।

2 min read
Jun 06, 2026
amroha police destroys drugs worth rs 15 5 crore
अमरोहा पुलिस ने ₹15.5 करोड़ से अधिक कीमत के नशीले पदार्थ नष्ट किए (फोटो- पत्रिका)

Police Destroys Drugs Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरोहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। न्यायालयीय आदेशों के अनुपालन में विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया है।

ऑपरेशन दहन के तहत बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन में चलाए गए ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 47 अभियोगों से संबंधित मादक पदार्थों को नष्ट कराया है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 2002.352 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इनमें अवैध डोडा, गांजा, चरस, हेरोइन, नशीली दवाइयां तथा अन्य मादक पाउडर शामिल थे, जिन्हें अलग-अलग मामलों में बरामद किया गया था।

न्यायालय के आदेश पर की गई कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह न्यायालयीय आदेशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई। इसके लिए विधिवत समिति का गठन किया गया था, जिसकी निगरानी में 16 अप्रैल 2026, 04 जून 2026 और 05 जून 2026 को कार्रवाई की गई। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से अंजाम दिया गया ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

मुरादाबाद के प्लांट में कराया गया विनिष्टीकरण

जब्त किए गए सभी मादक पदार्थों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच फतेहपुर विश्नोई स्थित सुशीला बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट प्राइवेट लिमिटेड, जनपद मुरादाबाद ले जाया गया। वहां समिति की मौजूदगी में निर्धारित मानकों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार इन नशीले पदार्थों को पूरी तरह नष्ट कराया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 15.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत

अमरोहा पुलिस द्वारा नष्ट कराए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15.5 करोड़ रुपये बताई गई है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों के विनिष्टीकरण को पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल अवैध नशा कारोबार को बड़ा झटका लगा है, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने की दिशा में भी यह एक प्रभावी कदम साबित होगा।

नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी है। ऑपरेशन दहन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क की पहचान कर रही है जो मादक पदार्थों की सप्लाई और तस्करी में शामिल हैं।

नशामुक्त और अपराधमुक्त जनपद बनाने का संकल्प

अमरोहा पुलिस ने दोहराया है कि जनपद को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समाज, प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से ही नशे के खिलाफ इस लड़ाई को निर्णायक रूप से जीता जा सकता है।

Published on:
06 Jun 2026 08:25 pm