
Kidnapping Ransom Case Amroha: यूपी की अमरोहा पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण के गंभीर मामले में फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो कार भी बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी फैय्याजनगर चौराहे से गांव मोहम्मदपुर की ओर मोड़ के पास से की गई।
दिनांक 16.05.2026 को अभियुक्त धर्मेंद्र और 3 से 4 अज्ञात व्यक्तियों ने दीपांशु चौहान पुत्र अमर सिंह, निवासी ग्राम मुस्तफापुर नवादा थाना नौगांवा सादात जनपद अमरोहा को प्लॉट दिखाने के बहाने बुलाया। पीड़ित को अतरासी स्थित एक ढाबे पर बुलाकर अपहरण कर लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से फिरौती की मांग शुरू कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना के संबंध में थाना रजबपुर में मु0अ0सं0 91/2026 धारा 140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 18.05.2026 को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन मुख्य आरोपी झम्मन उर्फ राजकुमार पुत्र चन्द्रपाल उर्फ राजेन्द्र निवासी ग्राम अकबरपुर थाना गुन्नौर जनपद सम्भल फरार चल रहा था, जिस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
06.06.2026 को थाना रजबपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित इनामी आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर झम्मन उर्फ राजकुमार को फैय्याजनगर चौराहे से गांव मोहम्मदपुर की ओर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP38AE1988) भी बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरे अपहरण और फिरौती नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।