अमरोहा

अवैध संबंधों का खौफनाक अंजाम, दूरी बनी मौत की वजह: अमरोहा में दिनदहाड़े रूबी की सनसनीखेज हत्या

Amroha Crime: यूपी के अमरोहा में तीन साल के अवैध संबंधों और दूरी से नाराज प्रेमी ने दिनदहाड़े तीन बच्चों की मां रूबी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Feb 05, 2026
अमरोहा में दिनदहाड़े रूबी की सनसनीखेज हत्या | Image Social Media

Ruby Murder Case Amroha: अमरोहा जिले के पचोकरा मेहरबान अली गांव में दिनदहाड़े हुई रूबी की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी धीरज कुमार का मृतका रूबी से पिछले तीन साल से अवैध संबंध था। बीते चार महीनों से रूबी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी, जिससे नाराज होकर धीरज ने उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें

21 घंटे का सर्च ऑपरेशन, संभल में सर्राफ के ठिकानों से 33 करोड़ की बेहिसाबी ज्वैलरी बरामद

पति की तहरीर पर दस के खिलाफ हत्या का मुकदमा

मामले में मृतका रूबी के पति नरेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरज कुमार, उसके पिता बृजपाल, माता अनीता, भाई नीरज, परिचित मनीराम समेत कुल दस लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें पांच आरोपी अज्ञात बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नामजद सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

प्रेमी और भाई गिरफ्तार, कबूलनामे से खुला राज

पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरज कुमार और उसके सगे भाई नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान धीरज ने स्वीकार किया कि रूबी उससे बातचीत बंद कर चुकी थी और लगातार दूरी बना रही थी। इसी बात से खफा होकर उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

दावत से लौटते समय किया गया जानलेवा हमला

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे रूबी गांव में ही आयोजित एक दावत से लौट रही थी। जैसे ही वह रास्ते में पहुंची, पड़ोसी राशन डीलर बृजपाल का बेटा धीरज वहां पहुंचा और अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा। रूबी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

सीने पर छह वार, हाथों पर भी गहरे जख्म

पुलिस के अनुसार आरोपी ने रूबी के सीने पर छह बार चाकू से वार किया। बचाव में रूबी ने हाथ उठाए, जिससे उसके हाथों में भी कई गंभीर घाव आए। लहूलुहान हालत में छटपटाती रूबी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद घर में छिपा आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धीरज अपने घर में जाकर छिप गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद उसे घर से गिरफ्तार कर थाने ले गई। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

दो जातियों के बीच तनाव, गांव छावनी में तब्दील

आरोपी और पीड़ित परिवार अलग-अलग जातियों से होने के कारण गांव में तनाव फैल गया। गुस्साई भीड़ ने शव को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया और आरोपी के घर पर तोड़फोड़ की। एक ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

गांव में अब भी पुलिस की कड़ी निगरानी

दो बिरादरियों के बीच संघर्ष की आशंका को देखते हुए गुरुवार को भी गांव में पुलिस और पीएसी की तैनाती जारी रही। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Also Read
View All

अगली खबर