अशोकनगर

आधी रात पूर्व सरपंच के घर डकैतों का हमला, दंपत्ति को बांधकर पीटा, सोने से लेकर घी तक लूटा

MP News: अशोकनगर में पूर्व सरपंच दंपती पर नकाबपोश डकैतों ने रात में धावा बोला। हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा और सोना-नकदी सहित सामान लूट ले गए।

3 min read
Nov 05, 2025
robbers attacked former sarpanch couple in ashoknagar (फोटो - सोशल मीडिया)

robbers attacked: अशोकनगर जिले में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। शाढ़ौरा थाना क्षेत्र के खैजरा अटारी गांव में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह यादव के घर डकैतों ने हमला बोल दिया। यह घर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में स्थित है। रात करीब डेढ़ बजे महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी सो रहे थे। तभी छह-सात नकाबपोश लुटेरे छत के रास्ते घर में घुस आए। उन्होंने दोनों को पकड़ लिया, मुंह में शर्ट ठूंसकर तौलिया बांधा, फिर खटिया पर रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद घर में लूटपाट मचाई। (MP News)

ये भी पढ़ें

MP के दुर्लभ ‘मूंछ वाले हनुमानजी’ के मंदिर पर खतरा, ग्रामीणों में उमड़ा गुस्सा

लूटकर ले गए 25 तोला सोना और नकद

डकैतों ने सभी कमरों को खंगाल डाला और करीब 25 तोला सोना (स्थानीय बाजार के अनुसार कीमत 31 लाख रुपए), ढाई लाख रुपए नकद, साथ ही पांच किलो घी, इंडक्शन, पेंचकस और टॉर्च तक उठा ले गए। बदमाशों ने महिला के पहने हुए गहने भी उतरवा लिए। काफी देर बाद पत्नी ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और घायल पति की रस्सियां हंसिया से काटी। दोनों ने छत पर चढ़कर मदद के लिए चिल्लाना शुरु किया, तब ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी।

पेंचकस से नाक, माथे व सिर पर मारते रहे

महेंद्रसिंह यादव (53) ने मंगलवार को पुलिस को आपबीती सुनाई। इस दौरान उनकी आंखों में दहशत छलक रही थी। बताया कि सोते समय पांच-छह लोगों ने मुझे दबा लिया। पहले हाथ-पैर बांधे फिर मुंह में शर्ट ठूंसकर ऊपर से तौलिया बांध दिया। घर में रस्सी मिल गई तो ऊपर कंबल डालकर मुझे खटिया से ही रस्सी से बांध दिया। मैंने चिल्लाने का खूब प्रयास किया पर आवाज नहीं निकल सकी। फिर दो-तीन लोग मुझे वहां पड़े पेंचकस से नाक, माथे व सिर पर मारते रहे। इससे नाक से खून निकल आया। अन्य लुटेरे घर में घुसकर लूट करते रहे। धमकी दी कि यदि चिल्लाया तो मार देंगे।

दीपावली पूजन के लिए जेवर लेकर आए थे

पीड़ित महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मैं घर पर जेवर व नकदी नहीं रखता। दीपावली के पूजन के लिए उठाकर जेवर लाया था और बिजली ट्रांसफार्मर भी रखवाना था, इससे वह नकद रुपए घर पर रखे हुए थे। लुटेरे सब लूट ले गए। मुझसे मारपीट की, नाक से खून बहता रहा लेकिन वह पीटते रहे।

पुलिस बोली- करीब 4 लाख की लूट है, जांच कर रहे

शाढ़ौरा थाना प्रभारी सुनील सिकरवार ने बताया कि घटना के बाद चार अज्ञात लुटेरों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। लुटेरों ने नकदी सहित करीब चार लाख रुपए की लूट की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

रात डेढ़-दो बजे की घटना है। बदमाश हाथ-पैर बांधकर सोने-चांदी के जेवर ले गए। नकदी भी दो-ढाई लाख रुपए चोरी होना बताया है। सड़कों व अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को ट्रेस करने में टीम जुटी हुई है। -गजेंद्रसिंह कंवर, एएसपी

पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात

खैजरा अटारी की घटना ने 2018 की याद ताजा कर दी। तब नईसराय क्षेत्र के बीसोर गांव में डकैती हुई थी। गांव से दूर खेत पर मकान बनाकर एसएएफ के रिटायर्ड सैनिक निहालसिंह रघुवंशी व उनकी पत्नी रहती थीं। दिसंबर 2018 में बदमाशों ने नौकर को खटिया से बांधा और दंपती की गोली मारकर हत्या कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी व कार लूट ले गए थे।

बाद में मुख्य साजिशकर्ता उनका बंटाईदार ही निकला था। इसी तरह पिछले वर्ष ईसागढ़ क्षेत्र में भी एक घर में घुसकर पति-पत्नी व उनके दोनों बच्चों को लुटेरों ने पीट-पीटकर गंभीर घायल कर दिया था। घर से लाखों रुपए की लूट कर ले गए थे। हालांकि जांच के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

यह भी खास

  • खैजरा अटारी गांव में पूर्व सरपंच व उनकी पत्नी नींद में थे, उसी समय लुटेरे घुसे व मारपीट कर वारदात की। पति-पत्नी उनके चेहरे नहीं पहचान पाए।
  • डायल 112 पर सूचना मिली तो पुलिस रात में ही गांव पहुंची, सुबह एसडीओपी व एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
  • डकैती की घटना के बाद पूर्व सरपंच व उनकी पत्नी को किसी वाहन की आवाज आई। इससे माना जा रहा है कि यह लुटेरे वाहन से आए थे।
  • पुलिस ने डॉग स्क्वॉड से जांच कराई व फिंगर प्रिंट भी लिए गए हैं। साथ ही सडक़ों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि सुराग मिल सके।
  • पूर्व सरपंच की पत्नी का कहना है कि पति के रुपए के अलावा उनके भी 40 हजार रुपए अलग-अलग जगहों पर रखे थे, उसे भी ढूंढ़कर लुटेरे ले गए। (MP News)

ये भी पढ़ें

MP में ये सरकारी कर्मचारी शक के घेरे में, बड़े फ्रॉड से जुड़ा है मामला

Published on:
05 Nov 2025 08:58 am
Also Read
View All

अगली खबर