
Police solve theft case: पुलिस ने किया खुलासा (Photo Source - Patrika)
Ashoknagar news: एमपी में अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा क्षेत्र में हुई लाखों रुपए की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 12 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य सामान बरामद किया है। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने प्रेस वार्ता कर इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 15 जुलाई की दरमियानी रात ग्राम बामोरी ताल में कृष्णाबाई रघुवंशी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते तत्काल एफएसएल, डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट और साइबर सेल की टीमों को मौके पर बुलाया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिरों से अहम सुराग मिला कि घटना से दो-तीन दिन पहले गांव में कबाड़ और पन्नियां बीनने वाले कुछ संदिग्ध लोग देखे गए थे। तकनीकी साक्ष्यों और इसी महत्वपूर्ण सूचना का विश्लेषण करते हुए पुलिस की टीम गुना जिले के सिंगवासा गांव तक जा पहुंची।
पुलिस ने घेराबंदी कर इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को धर दबोचा। जिनमें सिंगवासा निवासी बृजपाल पारदी उर्फ लुक्का, नीरज पारदी और सिंगवासा में रहने वाला जेठड़ा निवासी अमन पारदी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने चौथे साथी रामकृष्ण पारदी के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल की। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, झुमकियां, चांदी के चोटीबंध, पायल, सिक्के, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और 80 हजार रुपए नकद शामिल हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।
एसपी मिश्रा ने बताया कि मामले का चौथा आरोपी रामकृष्ण पारदी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। इस बड़ी सफलता पर एसपी ने शाढ़ौरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिकरवार, साइबर सेल और पूरी पुलिस टीम की कड़ी मेहनत की सराहना की है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली इस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया जा रहा है। साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते लगाम कसी जा सके।
Updated on:
24 Jul 2026 06:00 pm
Published on:
24 Jul 2026 06:00 pm
बड़ी खबरें
View Allअशोकनगर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
