एशिया

चीन में बारिश ने तोड़ा 50 सालों का रिकॉर्ड, 29 नदियों के उफान पर होने से 7 लाख लोग प्रभावित

चीन में इस बार बीते 50 सालों में सबसे अधिक बारिश, हजारों घर ढहे बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित, जिआंगशी प्रांत में 22 की मौत
2 min read
Feature image

बीजिंग। कई एशियाई देशों में इस वक्त मौसम की मार पड़ रही है। भारी बारिश के कारण कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। चीन के भी कई प्रांतों में औसत से काफी अधिक बारिश (Heavy Rain ) के कारण समस्या खड़ी हो रही है। खासकर देश के दक्षिणी और पूर्वी भागों में पिछले 50 वर्षों में सबसे भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते कई इलाके डूब ( China flood ) गए है।

चीन की स्टेट मीडिया ने दी जानकारी

चीन की स्टेट मीडिया के मुताबिक, इस मूसलाधार बारिश के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हुए, फसलें खराब हुई हैं और करीब 80,000 लोगों को विस्थापित करना पड़ा है। इसके साथ ही मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आने वाले समय मेें और अधिक बारिश होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2019 में पिछले साल से करीब 51 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। यह 1961 से अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है।

जिआंगशी प्रांत में 22 लोगों की मौत

इससे पहले गुरुवार को अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिआंगशी प्रांत में जून से आई बाढ़ में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही कुल मिलाकर 7 लाख से ज्यादा लोग इस आपदा में प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बाढ़ से अब तक 594,000 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। यही नहीं, इस त्रासदी में करीब 4,69,300 हेक्टेयर की फसल भी प्रभावित हुई, जिससे 15.9 अरब युआन (2.3 अरब डॉलर) का स्पष्ट अर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही करीब 1600 मकान भी भारी बारिश में ढह गए हैं।

29 नदियों का पानी बाढ़ के स्तर पर पहुंचा

जिआंगशी में 6 जुलाई से भारी बारिश के कारण 29 नदियों में पानी का लेवल बाढ़ के चेतावनी स्तर को पार कर गया है। इसके बाद प्रांत में कई आपातकालीन प्रतिक्रियाओं को शुरू किया गया। अब तक बाढ़ रोकथाम और बचाव कार्यों के लिए 1.7 करोड़ युआन दिए गए हैं। प्रांतीय मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि शुक्रवार को क्षेत्र में फिर से बारिश होगी और अगले मंगलवार तक जारी रहेगी।

जिआंगशी के अलावा हुनान, जेजियांग, फूजियान और ग्वांग्शी प्रांत भी बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं। हाल में ऐसा देखा जा रहा है कि चीन में लगातार खराब मौसम बना हुआ है। इस साल कई प्रांतों में तापमान अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर...

Updated on:
12 Jul 2019 11:00 am
Published on:
12 Jul 2019 10:29 am