औरैया

Auraiya accident: एक साथ उठेंगी तीन दोस्तों की अर्थियां, रो पड़ा पूरा गांव हर गली में मची चीख-पुकार

Auraiya Road Accident: औरैया के सराय कछवाहा गांव में सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिधूना-ऐरवा कटरा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन दोस्तों की मौत हो गई। गांव में मातम पसरा है। जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
2 min read
Aug 06, 2026
सीओ बिधूना फोटो सोर्स पुलिसX अकाउंट
सीओ बिधूना फोटो सोर्स पुलिसX अकाउंट

Auraiya Accident: औरैया के सराय कछवाहा गांव में गुरुवार की सुबह किसी आम दिन की तरह नहीं हुई। गांव की गलियों में बच्चों की आवाजें नहीं, बल्कि मातम और चीख-पुकार सुनाई दी। एक ही बाइक पर सवार होकर काम से लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। अब हर घर में बस यही चर्चा है कि कुछ मिनट पहले तक साथ हंसने वाले तीनों दोस्त आखिर इतनी जल्दी कैसे बिछड़ गए।

बुधवार आधी रात बिधूना-ऐरवा कटरा मार्ग पर हुआ सड़क हादसा सिर्फ तीन लोगों की मौत की खबर नहीं, बल्कि एक पूरे गांव की खुशियां छीन ले गया। सराय कछवाहा गांव के छोटे (35), हैप्पी (30) और मोनू (32) एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से बिधूना आए थे। देर रात करीब 12 बजे जब वे वापस लौट रहे थे। तभी रठगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

गांव पर सुबह जैसे ही सूचना पहुंची हर तरफ चीख-पुकार

गुरुवार सुबह जैसे ही तीनों युवकों की मौत की खबर सराय कछवाहा गांव पहुंची। पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। जिन घरों में रोज सुबह कामकाज की तैयारी होती थी। वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं, क्योंकि तीनों युवक एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ ही आते-जाते थे।

ग्रामीणों का कहना समय से इलाज मिलने तो बच सकती थी जान

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही गांव के तीन युवकों का एक साथ चले जाना पूरे इलाके के लिए ऐसी क्षति है। जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकेगा। गांव में हर जुबान पर बस यही चर्चा है कि अगर टक्कर मारने वाला वाहन रुक जाता या समय पर मदद मिल जाती। तो शायद किसी की जान बच सकती थी।फिलहाल सराय कछवाहा गांव में तीन घरों के बुझे चिरागों का दर्द हर चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा है। एक साथ तीन अर्थियों के उठने का गम पूरे गांव को भीतर तक झकझोर गया है।

सीओ बोले-सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही

सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान हो सके। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Updated on:
06 Aug 2026 12:13 pm
Published on:
06 Aug 2026 12:13 pm