3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bahraich Accident: जलाभिषेक कर लौट रहे परिवार को ट्रक ने रौंदा, मां-बेटी की मौत, पति की हालत गंभीर

Bahraich Accident: बहराइच के नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर जलाभिषेक कर लौट रहे परिवार की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
2 min read
Google source verification
मृतक मां बेटी की फाइल फोटो सोर्स पत्रिका

मृतक मां बेटी की फाइल फोटो सोर्स पत्रिका

Bahraich Accident: बहराइच के नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जलाभिषेक कर लौट रहे परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे मां और बेटी की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

बहराइच जिले के नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि परिवार के मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। और परिजनों में चीख-पुकार गूंज उठी। जानकारी के अनुसार, नानपारा के चौक बाजार निवासी 45 वर्षीय भोला सरकार अपनी पत्नी सुमित्रा (40) और 17 वर्षीय बेटी गहना के साथ मटेरा स्थित बाबा जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने गए थे। सावन के चलते मंदिर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए परिवार रविवार रात ही मंदिर क्षेत्र पहुंच गया था।

बाइक से लौटते समय हुआ हादसा मां बेटी की मौत

सोमवार सुबह पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने के बाद तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा के पास कुछ देर रुकने के बाद जैसे ही वे नानपारा की ओर आगे बढ़े, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में सुमित्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल गहना को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन उसने रास्ते में ही अंतिम सांस ली। घायल भोला सरकार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस फरार ट्रक चालक की कर रही तलाश

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां-बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की आंखें भी इस दर्दनाक हादसे को देखकर नम हो गईं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा पीछे से आए ट्रक की टक्कर के कारण हुआ। फरार चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।