
GST on Cars Below 10 Lakhs: देशभर के कार खरीदारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सरकार 22 सितंबर से जीएसटी 2.0 लागू करने जा रही है। नई टैक्स दरों की वजह से कार कंपनियों ने अपने दाम घटा दिए हैं। खासतौर पर कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में ग्राहकों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। इन गाड़ियों की कीमतों में 30 हजार रुपये से लेकर 1.64 लाख रुपये तक की कटौती की गई है। ऐसे में त्योहारों से पहले मिडिल क्लास परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
मारुति की पॉपुलर एसयूवी Brezza अब पहले से और सस्ती हो गई है। 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और सीएनजी ऑप्शन के साथ आने वाली यह कार अब नई टैक्स दरों के चलते 30 से 48 हजार रुपये तक सस्ती हो गई है। इसका माइलेज भी बेहतरीन है और सीएनजी मॉडल 25 किलोमीटर प्रति किलो तक की दूरी तय कर सकता है।
हुंडई वेन्यू के ग्राहकों को जीएसटी 2.0 का सबसे ज्यादा फायदा मिलने वाला है। पहले इस पर ज्यादा टैक्स लगता था लेकिन अब नई दरें लागू होने के बाद इसकी कीमत में 68 हजार से लेकर 1.32 लाख रुपये तक की कमी आई है। इससे यह गाड़ी मिडिल क्लास फैमिली के लिए और ज्यादा आकर्षक विकल्प बन गई है।
किआ सॉनेट भी नई टैक्स स्लैब के चलते काफी सस्ती हो गई है। पहले इसकी कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू होती थी, लेकिन अब यह 7.30 लाख रुपये से ही उपलब्ध है। ग्राहकों को इसमें 70 हजार से लेकर 1.64 लाख रुपये तक की बचत होगी। इसका स्टाइलिश डिजाइन और फीचर-लोडेड इंटीरियर युवाओं को खासा पसंद आता है।
भारतीय बाजार की बेस्टसेलिंग कॉम्पैक्ट एसयूवी टाटा नेक्सॉन की कीमत में भी 1.55 लाख रुपये तक की कटौती हुई है। नई दरों के हिसाब से अब यह 7.32 लाख रुपये से शुरू हो रही है। पेट्रोल और डीजल दोनों वेरिएंट में यह ग्राहकों को पहले से ज्यादा किफायती विकल्प दे रही है।
महिंद्रा की नई एसयूवी XUV 3XO भी अब 71 हजार से लेकर 1.56 लाख रुपये तक सस्ती हो गई है। पहले इसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये से शुरू होती थी, लेकिन अब यह 7.28 लाख रुपये से मिल रही है। दमदार इंजन और आधुनिक फीचर्स वाली यह एसयूवी कटौती के बाद और ज्यादा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगी।
| मॉडल | नई एक्स-शोरूम कीमत | पुराना जीएसटी स्लैब | बचत |
|---|---|---|---|
| मारुति ब्रेज़ा | 8.39 - 13.50 लाख रुपये | 45% | 30,000 - 48,000 रुपये तक |
| हुंडई वेन्यू | 7.26 - 12.05 लाख रुपये | 29% (पेट्रोल), 31% (डीजल) | 68,000 - 1.32 लाख रुपये तक |
| किआ सॉनेट | 7.30 - 14.10 लाख रुपये | 29% (पेट्रोल), 31% (डीजल) | 70,000 - 1.64 लाख रुपये तक |
| टाटा नेक्सॉन | 7.32 - 13.88 लाख रुपये | 29% (पेट्रोल), 31% (डीजल) | 68,000 - 1.55 लाख रुपये तक |
| महिंद्रा XUV 3XO | 7.28 - 14.40 लाख रुपये | 29% (पेट्रोल), 31% (डीजल) | 71,000 - 1.56 लाख रुपये तक |
त्योहारों के मौके पर लोग नई गाड़ी खरीदना शुभ मानते हैं। ऐसे समय पर जीएसटी 2.0 का लागू होना ग्राहकों के लिए किसी बोनस से कम नहीं है। कॉम्पैक्ट एसयूवी जैसे ब्रेजा, वेन्यू, सॉनेट, नेक्सॉन और XUV 3XO अब पहले से ज्यादा किफायती हो चुकी हैं। इस वजह से आने वाला फेस्टिव सीजन कार बाजार में जबरदस्त रौनक लेकर आने वाला है।