Hunter 350 vs TVS Ronin vs Honda CB350 में से कौन सी बाइक आपके लिए बेहतर रहेगी? जानें कीमतें, फीचर्स, माइलेज और GST कटौती के बाद कितने का होगा फायदा?
Hunter 350 vs TVS Ronin vs Honda CB350: भारत में350cc बाइक सेगमेंट इन दिनों युवाओं के बीच सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इस कैटेगरी में पावर, स्टाइल और माइलेज का शानदार कॉम्बिनेशन देखने को मिल जाता है। यही वजह है कि Honda Hness CB350, Royal Enfield Hunter 350 और TVS Ronin जैसी बाइक्स लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। तीनों ही मॉडल अपनी अलग पहचान रखते हैं। ऐसे में अगर आपका बजट 2 लाख रुपये तक है और आप नई बाइक लेने की सोच रहे हैं तो आइए जानते हैं इन तीनों में कौन सी आपके लिए सबसे बेहतर साबित हो सकती है।
सबसे पहले कीमत की बात करें तो Honda Hness CB350 सबसे महंगी है, जिसकी शुरुआती कीमत लगभग 2.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसके मुकाबले Royal Enfield Hunter 350 लगभग 1.49 लाख रुपये से शुरू होती है और सबसे सस्ती TVS Ronin है जिसकी कीमत 1.35 लाख रुपये है। यानी बजट फ्रेंडली ऑप्शन के तौर पर Ronin आगे है।
Honda Hness CB350 (348.36 cc) में 20.78 bhp की पावर और 30 Nm टॉर्क मिलता है जो इसे स्मूद और दमदार राइडिंग एक्सपीरियंस देता है। Hunter 350 (349.34 cc) थोड़ी कम पावर (20.2 bhp) और 27 Nm टॉर्क के साथ आती है लेकिन इसकी टॉप स्पीड 130 kmph है जो सबसे ज्यादा है। TVS Ronin (225.9 cc) 20.1 bhp पावर और 19.93 Nm टॉर्क जनरेट करती है। हालांकि टॉर्क कम है लेकिन यह लंबी दूरी तय करने के लिए बेहतरीन माइलेज और रेंज ऑफर करती है।
Honda Hness CB350 डुअल चैनल ABS के साथ आती है जो इसे सुरक्षा के मामले में सबसे आगे रखती है। Hunter 350 और Ronin दोनों में सिंगल चैनल ABS दिया गया है। ब्रेकिंग सिस्टम की बात करें तो Honda और Ronin फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक ऑफर करते हैं जबकि Hunter 350 में रियर ड्रम ब्रेक है।
Hness CB350 बड़े अलॉय व्हील्स और क्रूजर लुक के साथ आती है। Hunter 350 को क्लासिक लुक देने के लिए स्पोक व्हील्स दिए गए हैं जबकि Ronin मॉडर्न डिजाइन के साथ 17-इंच अलॉय व्हील्स और अपसाइड-डाउन (USD) फ्रंट सस्पेंशन ऑफर करती है। Ronin का वजन केवल 159 किलो है जिससे इसे संभालना आसान हो जाता है। वहीं Honda और Hunter दोनों का वजन 181 किलो है।
TVS Ronin माइलेज और रेंज के मामले में सबसे बेहतर है। इसका फ्यूल टैंक 14 लीटर का है और माइलेज 42.95 kmpl है। Honda Hness CB350 का टैंक 15 लीटर का है, माइलेज की बात करें तो 42.17 kmpl है। वहीं Hunter 350 में 13 लीटर टैंक का इस्तेमाल किया गया है और माइलेज 36.2 kmpl का है।
Ronin यहां भी आगे है क्योंकि यह 5 साल या 60,000 किमी की वारंटी के साथ आती है। Honda और Hunter दोनों में 3 साल की वारंटी दी जाती है। सर्विस की बात करें तो Hunter 4 फ्री सर्विस देती है जबकि Honda और Ronin में 3-3 फ्री सर्विस मिलती हैं।
| फीचर्स / पैरामीटर | Honda H’ness CB350 (348.36 cc) | Royal Enfield Hunter 350 (349.34 cc) | TVS Ronin (225.9 cc) |
|---|---|---|---|
| एक्स-शोरूम कीमत (दिल्ली) | 2,11,000 - 2,16,000 रुपये | 1,50,000 - 1,82,000 रुपये | 1,36,000 - 1,74,000 रुपये |
| मैक्स पावर (bhp) | 20.78 @ 5,500 rpm | 20.2 @ 6,100 rpm | 20.1 @ 7,750 rpm |
| मैक्स टॉर्क (Nm) | 30 @ 3,000 rpm | 27 @ 4,000 rpm | 19.93 @ 3,750 rpm |
| टॉप स्पीड (kmph) | 125 | 130 | 120 |
| फ्यूल टैंक क्षमता (लीटर) | 15 | 13 | 14 |
| रेंज (एक फुल टैंक में, किमी) | लगभग 525 किमी | लगभग 471 किमी | लगभग 574 किमी |
| गियरबॉक्स | 5-स्पीड मैनुअल | 5-स्पीड मैनुअल | 5-स्पीड मैनुअल |
| क्लच | असिस्ट और स्लिपर क्लच | असिस्ट और स्लिपर क्लच | असिस्ट और स्लिपर क्लच |
| कूलिंग सिस्टम | एयर कूल्ड | एयर/ऑयल कूल्ड | ऑयल कूल्ड |
| ABS सिस्टम | Dual Channel ABS | Single Channel ABS | Single Channel ABS |
| फ्रंट ब्रेक (mm) | डिस्क - 310 | डिस्क - 300 | डिस्क - 300 |
| रियर ब्रेक (mm) | डिस्क - 240 | ड्रम - 153 | डिस्क - 240 |
| व्हील टाइप | अलॉय | स्पोक | अलॉय |
| व्हील साइज (इंच) | फ्रंट - 19, रियर - 18 | फ्रंट - 17, रियर - 17 | फ्रंट - 17, रियर - 17 |
| ग्राउंड क्लीयरेंस (mm) | 166 | 160 | 181 |
| केर्ब वेट (kg) | 181 | 181 | 159 |
| सीट हाइट (mm) | 800 | 790 | 795 |
| वारंटी | 3 साल/42,000 km | 3 साल/30,000 km | 5 साल/60,000 km |
| फ्री सर्विस | 3 | 4 | 3 |
Hunter 350: रॉयल एनफील्ड हंटर की मौजूदा कीमत 1.50 लाख रुपये से 1.82 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच है। GST कटौती के बाद इसकी नई कीमतें घटकर 1.35 लाख रुपये से 1.64 लाख रुपये एक्स-शोरूम तक आने की संभावना है।
Honda H’ness CB350: होंडा की इस बाइक की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत 2.11 लाख रुपये से 2.16 लाख रुपये एक्स-शोरूम दिल्ली है। GST कटौती के इसकी कीमत में 17,000 तक काम हो गई है।
TVS Ronin: टीवीएस रोनिन की मौजूदा कीमत 1.36 लाख रुपये से 1.74 लाख रुपये (दिल्ली, एक्स-शोरूम) है। GST कम होने के बाद यह बाइक अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से 13,533 तक सस्ती हो गई है।
| बाइक मॉडल | मौजूदा कीमत (Ex-Showroom) | GST कटौती के बाद नई कीमत | कितनी घटी कीमत |
|---|---|---|---|
| Royal Enfield Hunter 350 | 1.50 लाख रुपये - 1.82 लाख रुपये | 1.35 लाख रुपये - 1.64 लाख रुपये | 15,000 रुपये - 18,000 रुपये तक |
| Honda H’ness CB350 | 2.11 लाख रुपये - 2.16 लाख रुपये | लगभग 1.94 लाख रुपये - 1.99 लाख रुपये | 17,000 रुपये तक |
| TVS Ronin | 1.36 लाख रुपये - 1.74 लाख रुपये | 1.32 लाख रुपये - 1.60 लाख रुपये (लगभग) | 13,533 रुपये तक |
अगर आप प्रीमियम क्वालिटी और ज्यादा टॉर्क चाहते हैं तो Honda Hness CB350 आपके लिए सही विकल्प है। अगर क्लासिक लुक और रॉयल एनफील्ड का चार्म चाहते हैं तो Hunter 350 चुन सकते हैं। वहीं, अगर आप मॉडर्न डिजाइन, हल्का वजन, ज्यादा माइलेज और लंबी वारंटी चाहते हैं तो TVS Ronin आपके बजट में सबसे बेहतर डील साबित हो सकती है।