अयोध्या

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस अपडेट: आरोपियों के घर पर पुलिस की रेड, टिन्नू यादव के घर पर लगा मिला ताला

Ayodhya Ram Mandir Donation Controversy Update: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपियों के घर पर पुलिस ने छापा मारा है।
2 min read
Jun 28, 2026
ayodhya ram mandir donation controversy update police raid houses of accused
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Ayodhya Ram Mandir Donation Controversy Update:अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। रविवार सुबह पुलिस ने जेल में बंद आठों आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस की छह अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की और आसपास रहने वाले लोगों से भी मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई।

टिन्नू यादव के घर मिला ताला

छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने अन्य आरोपियों के घरों की भी तलाशी ली। इस अभियान में राजस्व विभाग के अधिकारियों, विशेष रूप से लेखपालों को भी शामिल किया गया, ताकि आरोपियों की संपत्ति और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा सके। जांच एजेंसियों को आशंका है कि चोरी किए गए चढ़ावे का कुछ हिस्सा आरोपियों के घरों या अन्य ठिकानों से बरामद हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, दान गबन मामले की जांच के दौरान आरोपियों के ठिकानों से अब तक करीब 79 लाख 85 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। बरामद रकम को कथित गबन से जोड़कर जांच की जा रही है।

पहली एफआईआर के बाद हुई थी गिरफ्तारी

मामले में 25 जून को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज की गई थी। इसी FIR के आधार पर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अगले दिन 26 जून को सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जांच के साथ ट्रस्ट में भी हुए बड़े बदलाव

इसी बीच शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि कर दी। चढ़ावा विवाद के बीच ट्रस्ट में हुए इन बदलावों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

7 जून से शुरू हुई थी पूरे मामले की जांच

चढ़ावे में कथित चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को उत्तर प्रदेशसरकार ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया। SIT ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को पहली एफआईआर दर्ज हुई, जिसमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू सहित 8 लोगों को नामजद किया गया।

अविनाश शुक्ला के घर भी पहुंची पुलिस

छापेमारी के दौरान पुलिस आरोपी अविनाश शुक्ला के कौशलपुरी स्थित आवास पर भी पहुंची। उनके घर पर मौजूद न मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में पूछताछ की। स्थानीय किराना दुकानदार राहुल कुमार ने बताया कि अविनाश शुक्ला कौशलपुरी में रहते थे और एक योगा सेंटर से भी जुड़े हुए थे। उन्होंने यह भी बताया कि अविनाश समय-समय पर अपने पैतृक गांव भी आते-जाते रहते थे।

जेल में पहली रात बेचैनी में गुजरी

जेल सूत्रों के अनुसार, फैजाबाद जेल में बंद रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू सहित सभी आठ आरोपियों की पहली रात काफी बेचैनी में बीती। बताया जा रहा है कि अधिकांश आरोपी पूरी रात सो नहीं सके। वे लगातार इस मामले को लेकर आपस में चर्चा करते रहे और कई बार उनके बीच कहासुनी भी हुई। सोमवार को सभी आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।