
कौन हैं बजरंग लाल बागड़ा? फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Ayodhya Ram Mandir Donation Row: अयोध्याराम मंदिर के चढ़ावे में कथित करोड़ों रुपये की अनियमितता से जुड़े मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए पहलू सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कथित तौर पर चढ़ावे में हेराफेरी किसी एक व्यक्ति का काम नहीं थी, बल्कि लंबे समय से एक संगठित समूह इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय था। फिलहाल ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्र ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि पूरे विवाद से हुई फजीहत के बाद अब राम मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ट्रस्ट के पुनर्गठन और भविष्य की कार्यप्रणाली को लेकर उच्च स्तर पर मंथन होने की संभावना है। सरकार का फोकस ट्रस्ट की विश्वसनीयता को मजबूत करने और चढ़ावे की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर रहेगा।
विहिप से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यदि ट्रस्ट में बदलाव होता है तो विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा को चंपत राय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट की अगली बैठक अगले महीने के दूसरे सप्ताह में आयोजित हो सकती है। बैठक से पहले चढ़ावा विवाद से जुड़े पूरे घटनाक्रम और कथित नुकसान का आकलन तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर ट्रस्ट के पुनर्गठन, वित्तीय पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्तमान में बजरंग लाल बागड़ा विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री (International General Secretary) हैं। उन्हें फरवरी 2024 में अयोध्या में आयोजित विहिप की प्रन्यासी मंडल एवं प्रबंध समिति की बैठक में इस पद के लिए निर्वाचित किया गया। बताया जाता कि बागड़ा हिंदू समाज, जनसंख्या, धर्मांतरण, मंदिरों और धार्मिक मामलों पर विहिप का पक्ष प्रमुखता से रखते हैं।
Updated on:
29 Jun 2026 10:37 am
Published on:
28 Jun 2026 10:05 am
