
Ayodhya Ram Mandir: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और फैजाबाद लोकसभा सीट से सांसद अवधेश प्रसाद ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास की कामना की। वहीं अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा और चढ़ावे के विवाद पर उन्होंने गंभीर चिंता जताई। सांसद ने कहा कि मामले में बड़ी मात्रा में धन और बहुमूल्य संपत्तियां जुड़ी हैं। इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए।
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा और चढ़ावे के मुद्दे को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। एक न्यूज़ एजेंसी से बातचीत के दौरान अवधेश प्रसाद ने सबसे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और समाज के सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता मिले तथा उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करे।
इसके बाद उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। सांसद ने कहा कि यह मामला केवल किसी संस्था या व्यक्ति तक सीमित नहीं है। बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। इसलिए इससे जुड़े हर सवाल का पारदर्शी तरीके से जवाब सामने आना चाहिए।
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि मामले में बड़ी मात्रा में दान, चढ़ावा और बहुमूल्य संपत्तियों के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। तो उनकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच आवश्यक है। ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
सपा सांसद ने यह भी कहा कि अयोध्या और राम मंदिर का महत्व केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। बल्कि पूरे देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं इससे जुड़ी हैं। ऐसे में किसी भी विवाद या आरोप को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच सर्वोच्च स्तर पर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए। जिससे किसी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके। उनके इस बयान के बाद राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।