
Ram Mandir Donation Dispute Row Ayodhya:अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नई निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके साथ ही चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की पत्नी के नाम पर पंजीकृत फर्म के रिकॉर्ड की भी जांच तेज कर दी गई है।
ट्रस्ट ने 25 जुलाई से दान संग्रह और उसकी गणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी शुरू कर दी है। दानपात्र से लेकर गणना कक्ष तक होने वाली हर गतिविधि अब कैमरों की निगरानी में रिकॉर्ड की जा रही है। इस व्यवस्था की निगरानी के लिए आठ सदस्यीय टीम तैनात की गई है। साथ ही 360 डिग्री कैमरों और एसएलआर कैमरों के जरिए प्रत्येक चरण का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर में रखे गए करीब 40 दानपात्रों को अब एक साथ खाली नहीं किया जा रहा है। इन्हें अलग-अलग दिनों में खाली किया जा रहा है। दानपात्र से राशि निकालने से पहले खाली बॉक्स को गणना कक्ष से लाने, दान राशि उसमें रखने और सीलबंद बॉक्स को वापस गणना कक्ष तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में पूरी की जा रही है।
इस कार्य के लिए 2 पेशेवर वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया में 2 बैंक कर्मचारी, 2 ट्रस्ट प्रतिनिधि और 2 एसआईएस सुरक्षा कर्मी भी शामिल रहते हैं।
दान से भरा बॉक्स गणना कक्ष पहुंचने के बाद भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारी उसे विधिवत सीलबंद करते हैं। ट्रस्ट का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
ट्रस्ट की कोष प्रबंधन एवं निगरानी समिति के सदस्य जगदीश आफले ने कहा कि ट्रस्ट और SBI के बीच किसी तरह का कोई गतिरोध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक में धनराशि जमा करने और निकालने का काम सामान्य रूप से जारी है। मंदिर परिसर में कार्यरत कर्मचारियों को भी नियमानुसार समय पर भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट की प्रस्तावित बैठक 2 सितंबर को होगी, जिसमें सचिव के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की पत्नी पूनम देवी के नाम से पंजीकृत फर्म की भी जांच तेज कर दी गई है। जांच अधिकारी एवं CO आशुतोष तिवारी के पत्र के बाद संबंधित विभाग रिकॉर्ड जुटाने में लगा है।
जानकारी के अनुसार, पूनम देवी के नाम पर सौंदर्य कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स नाम से एक फर्म पंजीकृत है। मामले की जांच के तहत विवेचक ने राज्य कर विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर फर्म से संबंधित पूरा विवरण मांगा है। जांच एजेंसियां अब फर्म के कारोबार और उससे जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं।