आजमगढ़

‘हर तरफ लूट मची है, बेरोजगारी-भ्रष्टाचार चरम पर है’, आजमगढ़ में अखिलेश बोले- BJP को हिसाब देना होगा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Samajwadi Party National President Akhilesh Yadav) ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बीजेपी और उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। इसके साथ ही अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Elections) को लेकर बड़ा दावा किया है।
2 min read
Jun 27, 2026
Akhilesh Yadav
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (File Photo- Patrika)

Akhilesh Yadav Commented on BJP: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav) ने BJP और योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कहा- उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने जा रही है। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है और हर तरफ लूट मची है।

BJP ने PDA पर आरक्षण छीना: अखिलेश

आजमगढ़ में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया से बात की। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि आम जनता को थाना, तहसील से लेकर हर जगह भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो गई हैं। अस्पतालों में समुचित दवा और इलाज नहीं मिल रहा है। इस सरकार में PDA का आरक्षण छीना गया। भाजपा को 10 साल की सरकार का हिसाब देना होगा। अखिलेश ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी बड़ा दावा किया है।

अखिलेश का दावा- 2027 में PDA सरकार बनेगी

अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा- आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में यूपी में PDA की सरकार बनेगी। PDA की सरकार में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी और उत्तर प्रदेश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का कार्य होगा। उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना निंदनीय और चिंताजनक है।

अखिलेश बोले- अयोध्या की घटना से पूरा देश दु:खी

अखिलेश ने आगे कहा कि अयोध्या देश ही नहीं, दुनिया भर के सनातनियों के लिए आस्था का स्थान है। धार्मिक नगरी के कारण अयोध्या से सनातनियों का भावनात्मक लगाव है। वहां जो चढ़ावा चोरी की घटना हुई वह बहुत निंदनीय है। इस घटना से देश की जनता दुःखी है। चोरी की खबर आने के बाद सरकार को झुककर SIT बनाना पड़ा। SIT बनी, लेकिन उसकी रिपोर्ट जिसे सौंपी गई, वह एक प्रश्नचिह्न है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के लिए धन ही धर्म है। लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अयोध्या दौरे का विश्वरिकार्ड बना रहे थे, वे हर सप्ताह अयोध्या जा रहे थे। आखिर उनका सूचना तंत्र कहां था? उन्हें चढ़ावा चोरी की जानकारी क्यों नहीं हुई? अयोध्या समेत पूरे प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार की जानकारी मुख्यमंत्री को क्यों नहीं हो रही है? इन लोगों ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। प्रभु श्रीराम इन्हें माफ नहीं करेंगे।