
Wife Burnt her Husband Alive: बागपत जिले में बिनौली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को जिंदा जला दिया। रात के समय जब पति सो रहा था तो महिला ने अपने प्रेमी से पेट्रोल मंगवाया। इसके बाद महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पेट्रोल छिड़क कर पति को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
बिजवाड़ा गांव निवासी राजीव (40) की पत्नी नीशू (37) का करीब 5 साल से गांव के ही विक्रांत के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। नीशू और राजीव के 3 बच्चे हैं। करीब 3 महीने पहले राजीव को नीशू के प्रेम प्रसंग के बारे में जानकारी हुई तो उनसे सख्ती कर दी। इसके बाद नीशू और विक्रांत ने मिलना-जुलना बंद कर दिया। हालांकि, वे दोनों चोरी-चुपके मिलते रहे। प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर नीशू और उसके प्रेमी ने राजीव को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था।
प्लानिंग के तहत महिला ने अपने प्रेमी से पेट्रोल मंगवाया और फिर अपने पति राजीव को सोते समय आग के हवाले कर दिया। आग लगाने के बाद महिला प्रेमी के साथ फरार हो गई। वहीं, राजीव आग में गंभीर रूप से झुलस गया। शोरगुल सुनकर आए राजीव के परिजन और पड़ोसियों ने आग बुझाई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया। करीब 6 दिन इलाज के बाद राजीव ने शुक्रवाद देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बीते 20 जून को राजीव काम से लौटकर रात करीब 11 बजे सो गया। इसके बाद रात में करीब 1 बजे नीशू ने विक्रांत को घर बुलाया। विक्रांत दो लीटर पेट्रोल लेकर राजीव के घर पहुंचा। इसके बाद दोनों ने सोते हुए राजीव पर पेट्रोल छिड़क दिया, फिर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा राजीव चीखता हुआ घर से बाहर भागा। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर पहुंचकर किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे राजीव को पहले स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शुक्रवार देर रात राजीव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद विक्रांत छत के रास्ते फरार हो गया था। राजीव के पिता सतबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने विक्रांत को भागते देखा था। राजीव ने भी मरने से पहले पुलिस को बयान दिया कि उसकी पत्नी नीशू और प्रेमी विक्रांत ने मिलकर उसे जलाया। फिलहाल, पुलिस ने विक्रांत और नीशू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। राजीव की मौत के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ा दी है।