बागपत

बागपत में दो दोस्तों की हत्या, 19 दिन बाद मंदिर परिसर में गड़े मिले शव, पुजारी फरार, पुलिस ने दो शिष्यों को हिरासत में लिया

Uttar Pradesh News: बागपत में 25 जुलाई से लापता दो दोस्तों के शव 19 दिन बाद मंदिर परिसर में गड़े मिले। हत्या का आरोप पुजारी नरेश नाथ पर है, जो फरार है। पुलिस ने उसके दो शिष्यों को हिरासत में लिया।
2 min read
Aug 13, 2026
Baghpat Murder Case
मंदिर परिसर में गड्ढे से मिले शव (X Photo Chhotukingoffi1)

Baghpat Murder Case: बागपत में 25 जुलाई से लापता दो दोस्तों के शव 19 दिन बाद लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर परिसर में गड्ढे में दबे मिले। पुलिस ने 12 अगस्त की रात करीब तीन बजे दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का आरोप मंदिर के पुजारी नरेश नाथ पर है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही पुजारी फरार हो गया। पुलिस ने उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव मिलने की जानकारी पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे।

25 जुलाई को घर से निकले थे दोनों दोस्त

सिगोली तगा निवासी इसरार (28) और दिव्यांग युवक अंकित (28) दोनों दोस्त थे। दोनों 25 जुलाई को बाइक से घूमने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी लेने के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चला।

इसके बाद परिजनों ने थाना चांदीनगर में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस भी तभी से दोनों की तलाश में जुटी थी। कई दिन तक सुराग नहीं मिलने के बाद जांच के दौरान पुलिस को लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर के पुजारी नरेश नाथ के बारे में जानकारी मिली।

मंदिर परिसर में गड्ढे से मिले शव

पुलिस ने रटौल मार्ग स्थित गणेश मंदिर पहुंचकर पुजारी नरेश नाथ से पूछताछ करने गई, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस को उस पर शक हुआ। इसके बाद पुजारी के दो शिष्यों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में तलाश की। 13 अगस्त की रात करीब तीन बजे मंदिर परिसर में एक गड्ढे से दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर दोनों युवकों के परिजनों को इसकी जानकारी दी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा

दोनों युवकों के शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया है। पुलिस अब हत्या के कारण और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुजारी फरार, दो शिष्य हिरासत में

चांदीनगर के थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि लापता दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी महंत फरार है, जबकि उसके दो शिष्यों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार महंत की तलाश की जा रही है।

Updated on:
13 Aug 2026 12:20 pm
Published on:
13 Aug 2026 11:20 am