बलिया

मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन प्रेमी के साथ फरार, दूल्हा करता रहा इंतजार, परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर

बलिया में शादी से ठीक पहले दुल्हन ब्यूटी पार्लर जाने के बहाने प्रेमी के साथ फरार हो गई। दुल्हन के गायब होने के बाद उसके परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
2 min read
May 05, 2026
Pic- AI
बलिया की ख़बर

Ballia News: बलिया जिले के बैरिया थानाक्षेत्र से चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती अपनी शादी से ठीक पहले अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया, वहीं पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बिहार से आनी थी बारात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती की शादी छपरा जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हुई थी और मंगलवार को बारात आने वाली थी। शादी की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच युवती अपनी बुआ के साथ घर से यह कहकर निकली कि वह बाजार में ब्यूटी पार्लर जाकर तैयार होगी।

बताया जा रहा है कि बाजार पहुंचने के बाद युवती अचानक लापता हो गई। बुआ ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर लौटकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

प्रेमी के खिलाफ थाने में तहरीर

घटना की सूचना मिलते ही परिजन तत्काल बैरिया थाने पहुंचे और एक युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।


परिवार का कहना है कि इस अप्रत्याशित घटना से वे गहरे सदमे में हैं, क्योंकि शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

पूरे इलाके में हो रही चर्चा

शादी से ठीक पहले दुल्हन के फरार होने का मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग दुल्हन के लिए तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दुल्हन का पहले से प्रेम-प्रंसग चल रहा था तो उसके परिजनों को दूसरी जगह रिश्ता तय नहीं करना चाहिए था। फिलहाल, पुलिस दुल्हन की तलाश कर रही है।

Published on:
05 May 2026 08:16 pm