
Chhattisgarh News: बलौदाबाजार जिले के ग्राम सिंगापुर में युवती से मारपीट के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाटापारा विधायक इंद्र साव बुधवार देर रात भाटापारा ग्रामीण थाना पहुंचे। विधायक करीब चार घंटे तक थाने में डटे रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम सिंगापुर में एक युवती के साथ मारपीट की घटना हुई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोप है कि 12 अगस्त को गिरफ्तार युवक के परिजन समझौते की बात लेकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। परिवार ने समझौता करने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया और दोबारा मारपीट की शिकायत सामने आई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार शिकायत लेकर भाटापारा ग्रामीण थाना पहुंचा और मामले की जानकारी विधायक इंद्र साव को दी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विधायक देर रात थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक इंद्र साव ने पुलिस से कहा कि पीड़ित परिवार के साथ दोबारा मारपीट की शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक थाना नहीं छोड़ने की बात कही और करीब चार घंटे तक थाना परिसर में मौजूद रहे। विधायक के थाने पहुंचने के बाद पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। रात करीब साढ़े 12 बजे तक पुलिस संभावित ठिकानों पर आरोपियों की तलाश करती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। विधायक भी देर रात तक थाना परिसर में मौजूद रहे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पूरी टीम लगातार जुटी हुई है। अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।- खोमन सिन्हा, एडीशनल एसपी
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पीड़ित परिवार की दोबारा मारपीट की शिकायत और विधायक के तत्काल गिरफ्तारी की मांग के बावजूद पुलिस आरोपियों तक क्यों नहीं पहुंच सकी। क्या पुलिस की कार्रवाई फिलहाल सिर्फ तलाश तक सीमित है या गिरफ्तारी में कोई कानूनी अथवा तकनीकी अड़चन सामने आ रही है। अब पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।