
Rice Mill Raid: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने राइस मिलों की जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड में खाद्य विभाग की टीम ने दो राइस मिलों में छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों मिलों में कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी पाई गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 6.83 करोड़ रुपए बताई गई है।
प्रशासन के अनुसार, जांच में श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में धान का भौतिक स्टॉक रिकॉर्ड के मुताबिक नहीं मिला। दोनों मिलों के संचालक कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों मिल संचालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को सिमगा विकासखंड के ग्राम मोहरा स्थित दो राइस मिलों में जांच की गई। पहली कार्रवाई श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में हुई। यहां जांच के दौरान 19,351.80 क्विंटल धान की कमी पाई गई।
इसकी कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपए आंकी गई है। इसी तरह सलूजा इंडस्ट्रीज में भी स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। यहां 9,519.44 क्विंटल धान कम मिला। इसकी कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपए बताई गई है। इस तरह दोनों मिलों में कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी सामने आई, जिसकी कुल कीमत करीब 6.83 करोड़ रुपए है।
खाद्य विभाग की जांच में श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज की स्थिति को लेकर बड़ी अनियमितता सामने आई। विभाग के मुताबिक, मिल को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है। इसके बावजूद जब मिल के गोदाम और परिसर में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया, तो वहां केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान मिला। रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध स्टॉक के बीच बड़ा अंतर पाया गया। जांच के दौरान मिल संचालक राहुल अग्रवाल से धान की कमी के संबंध में दस्तावेजी साक्ष्य मांगे गए, लेकिन वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
दूसरी कार्रवाई सलूजा इंडस्ट्रीज में की गई। यहां भी विभागीय टीम को रिकॉर्ड के मुकाबले काफी कम धान और चावल मिला। मिल के भौतिक सत्यापन में केवल 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया। जबकि इस मिल को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना शेष है। विभाग के अनुसार, मिल में 9,519.44 क्विंटल धान की कमी पाई गई है। इसकी कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपए आंकी गई है। मिल संचालक दारा सिंह सलूजा भी धान की कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी प्रमाण नहीं दे सके।
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के अनुसार, दोनों राइस मिल संचालकों को कई बार चावल जमा करने के लिए निर्देशित किया गया था। इसके बावजूद उनके द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में निर्धारित चावल जमा नहीं किया जा रहा था। इसके बाद प्रशासन ने मिलों में उपलब्ध धान और चावल का भौतिक सत्यापन कराने का निर्णय लिया। जांच में दोनों मिलों में धान की बड़ी कमी सामने आई। विभाग का कहना है कि संचालकों से कमी के संबंध में दस्तावेजी साक्ष्य मांगे गए, लेकिन वे उपलब्ध नहीं करा सके।
जांच में अनियमितता सामने आने के बाद श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज के संचालक राहुल अग्रवाल और सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक दारा सिंह सलूजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उपबंध 4(3), 6(1), 6(3) और 12 के साथ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी, भंडारण और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच की जा रही है, ताकि धान के अवैध भंडारण और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जहां भी धान की कमी या नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू और शीतलेश यादव शामिल रहे।