
राजपुर। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में जेवर चोरी (Jewellery theft) कर फरार हुईं 2 युवतियों को बलरामपुर जिले की राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अंबिकापुर से राजपुर थाना क्षेत्र में पहुंची थीं। वे रामानुजगंज होते हुए झारखंड की ओर भागने की फिराक में थीं। इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। सूचना पर शहडोल पुलिस यहां पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर ले गई। दोनों युवतियां एक घर में काम करती थीं, जब मकान मालकिन अपना इलाज कराने अस्पताल गई तो वे उसकी सोने की चेन और पायल लेकर फरार हो गई थीं।
मध्यप्रदेश के शहडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक महिला ने घरेलू कार्य के लिए 2 अनजान युवतियों (2 girls arrested) को मासिक वेतन पर रखा था। बताया जा रहा है कि मकान मालकिन का जब स्वास्थ्य खराब हुआ तो वह अपना इलाज कराने अस्पताल गई थी। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर दोनों युवतियां उसकी आलमारी से सोने की चेन और 3 चांदी की पायल लेकर फरार हो गईं।
मकान मालकिन जब घर लौटी तो दोनों घर से गायब थीं तथा आलमारी में रखी ज्वेलरी गायब थी। फिर उसने मामले की रिपोर्ट शहडोल थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर शहडोल पुलिस ने दोनों युवतियों का हुलिया समेत अन्य जानकारी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अंतर्गत राजपुर पुलिस (Rajpur police) को दी।
सूचना के आधार पर संदिग्ध हुलिए की 2 युवतियां राजपुर में पुलिस को घूमती मिलीं। पूछताछ के दौरान दोनों ने शुरू में अपना सही नाम-पता नहीं बताया। जब महिला पुलिसकर्मियों ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने सही नाम, पता बताया तथा चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पकड़ी गई दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश (UP girls arrested) के देवरिया जिले की निवासी हैं। इसके बाद पुलिस ने शहडोल पुलिस को सूचना दी। शहडोल कोतवाली से आईं महिला पुलिस दोनों को यहां से गिरफ्तार कर ले गई। दोनों के कब्जे से पुलिस ने सोने की चेन एवं चांदी की पायल भी बरामद की है।
मामले में शहडोल पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 303(2), 306, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई में शहडोल थाने के के सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ तिवारी, प्रधान आरक्षक सरिता सिंह राठौर, महिला आरक्षक अरुंधती एवं प्रियंका ताम्रकार शामिल रहीं।