
कुसमी। भैंसों को पिकअप में ठूंसकर तस्कर झारखंड के बूचडख़ाने (Jharkhand Slaughter house) ले जा रहे थे। सूचना मिलते ही बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की चांदो पुलिस ने तडक़े घेराबंदी की। इस दौरान पिकअप सवार आरोपी ग्राम मगाजी के कंठीघाट तीनमोड़वा के पास वाहन खड़ा कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने पिकअप जब्त कर लिया। वाहन में 5 जीवित और एक मृत भैंस मिली। वहीं पिकअप को रास्ता दिखाते हुए आगे चल रही अर्टिगा कार में सवार झारखंड के 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में मवेशियों और 2 वाहनों सहित कुल 12 लाख 27 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो पुलिस को 15 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि सामरी की ओर से एक पिकअप में भैंसों को क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड के बूचडख़ाने (Cattle smuggling) ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी चांदो निरीक्षक मनीष कुमार नेताम ने पुलिस टीम के साथ ग्राम मगाजी के कंठीघाट तीनमोड़वा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान पिकअप में सवार लोग वाहन छोडक़र फरार हो गए, लेकिन आगे पायलेटिंग कर रही अर्टिगा कार में सवार 2 लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मानपुर निवासी नौशाद अंसारी 25 वर्ष और मोमिनपुर निवासी शमसीर अंसारी 21 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने पिकअप क्रमांक जेएच 03 एजे 8202 से 5 जीवित और एक मृत भैंस बरामद की। इसके साथ ही अर्टिगा कार क्रमांक सीजी 16 सीआर 1658 भी जब्त की गई। बरामद मवेशियों की कीमत 1 लाख 27 हजार रुपए, पिकअप की 5 लाख और अर्टिगा की 6 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय (Balrampur Court) में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में चांदो थाना प्रभारी मनीष नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, गिरीश सहाय तथा आरक्षक संदीप, अंकित जायसवाल, मुकेश सिदार, संतोष तिग्गा, विजय यादव और मदनेश कुमार शामिल रहे।