
बलरामपुर। प्रदेशभर में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरु हो गई है। इसी बीच बलरामपुर- रामानुजगंज कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मंगलवार को धान खरीदी (Paddy procurement Centre) व्यवस्था को और सुदृढ़ करने अधिकाारियों की बैठक ली। इसमें कलेक्टर ने कहा कि खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ हो और जिले के उपार्जन केंद्रों में केवल वास्तविक किसानों का धान ही खरीदा जाए। वहीं धान की क्वालिटी को कोई समझौता नहीं करें, पहले धान की गुणवत्ता का परीक्षण करें। वहीं उन्होंने बिचौलियों और कोचियों के धान पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
बता दें कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 14 संवेदनशील और 9 अति संवेदनशील उपार्जन केंद्रों में उपयुक्त वरिष्ठता वाले प्रशासकीय विभागों के अधिकारियों को खरीदी प्रभारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने इन अधिकारियों को बिचौलियों और कोचियों के धान पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने (Balrampur Collector) कहा कि हाट-बाजारों से लेकर स्थानीय स्तर तक होने वाली हर अनियमितता को ट्रैक करें।
अवैध धान भंडारण, संग्रहण और परिवहन को रोकने के लिए बैरियर और चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में जब्त किए गए धान की एंट्री अनिवार्य रूप से करें। गौरतलब है कि जिले में खरीदी के नियमित पर्यवेक्षण के लिए जिले के सभी 54 उपार्जन केंद्रों में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो केंद्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
बैठक में समितियों में हमालों की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। हर समिति में हमाल पंजी अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। बैठक में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम, जिला विपणन अधिकारी प्रीतिका पूजा केरकेट्टा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदने से पहले उसका गुणवत्ता परीक्षण अनिवार्य रूप से करें और निर्धारित मानक के अनुरूप ही धान की खरीदी करें। मापदंडों के अनुसार धान में नमी अधिकतम 17 प्रतिशत, अकार्बनिक व कार्बनिक विजातीय पदार्थ 1-1 प्रतिशत, क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित और घुने दाने 5 प्रतिशत, अपरिपक्व व सिकुड़े दाने 3 प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान का मिश्रण अधिकतम 6 प्रतिशत तक ही मान्य है।
बता दें कि कलेक्टर (Balrampur Collector Chandan Sanjay Tripathi) के निर्देश पर चेकलिस्ट के अनुसार हर केंद्र के लिए नामांकित सत्यापनकर्ता अधिकारी केंद्रों की तैयारियों की जांच कर रहे हैं। इसमें कंप्यूटर, प्रिंटर, जनरेटर और यूपीएस की कार्यशील स्थिति, समतल और ऊंचे स्थल पर धान का सुरक्षित भंडारण तथा पॉलिथीन कवर, डनेज, सीमेंट ब्लॉक या फ्लाई ऐश ब्रिक्स की उपलब्धता देखी जा रही है।