
राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्रा में आयोजित शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Chhattisgarh CM Vishnu Dev Sai) शामिल हुए। इधर राजपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि सीएम यदि हेलीकॉप्टर के बजाय सडक़ मार्ग से आते तो बलरामपुर जिले में विकास की जमीनी हकीकत दिखती। उन्होंने कहा कि बलरामपुर जिले के एनएच-343 की स्थिति लंबे समय से दयनीय है। सडक़ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। पुल-पुलियों की हालत खराब है, बावजूद इसके पुलियों पर बने गड्ढों को भरने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही है। बारिश के दिनों में सडक़ पर कीचड़ और पानी के कारण जाम जैसी स्थिति निर्मित हो रही है तथा वाहन मिट्टी में धंस रहे हैं।
नीरज तिवारी ने कहा कि एनएच (National Highway-343) की स्थिति अब ग्रामीण क्षेत्र की मिट्टी-मुरम सडक़ जैसी हो गई है। नव निर्माण के नाम पर कई स्थानों पर सडक़ खोदकर छोड़ दी गई है। निर्माण एजेंसियों की मनमानी पर प्रशासन चुप है। इसका खामियाजा आम जनता, वाहन चालकों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर है।
जिला शिक्षा अधिकारी पर करोड़ों रुपए के गबन जैसे गंभीर आरोप लगाए जाने के बावजूद अब तक पद से हटाने की कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में एंबुलेंस (Ambulance in Balrampur) की पर्याप्त व्यवस्था और ग्रामीण इलाकों में चारपहिया वाहन लायक सडक़ नहीं होने से आज भी खाट पर मरीज ढोए जा रहे हैं। इसके अलावा कई अस्पतालों में दवाइयों की भी कमी बनी हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से एनएच-343 की तत्काल मरम्मत, पुल-पुलियों की सुरक्षा, निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही, शिक्षा विभाग में लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता को चलने योग्य सडक़, अस्पताल में इलाज और स्कूल (Balrampur Schools) में बेहतर शिक्षा चाहिए। सरकार को बलरामपुर जिले की जमीन पर दिखाई देने वाला विकास सुनिश्चित करना होगा।