Elephants havoc: खेत से फसल काटकर थ्रेसिंग के लिए रखी गई थी, चौकीदार द्वारा शोर मचाने के बाद वहां से जंगल की ओर चले गए हाथी
रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में 3 हाथियों (Elephants havoc) ने बुधवार की सुबह वार्ड क्रमांक 1 स्थित एक फार्म हाउस में घुसकर 3 एकड़ में तैयार गेहूं की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इससे गेहूं मालिक को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गेहूं फसल को हुए नुकसान का आंकलन किया। विभाग की ओर से पंचनामा तैयार कर मुआवजा प्रकरण बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 1 में बुधवार तडक़े जंगली हाथियों ने जमकर नुकसान (Elephants havoc) पहुंचाया। जनपद पंचायत कार्यालय के पास स्थित बैजनाथ केशरी के फार्म हाउस में 3 हाथी जंगल की ओर से फेंसिंग पार कर घुस गए। इस दौरान फार्म हाउस के मालिक द्वारा करीब 3 एकड़ खेत में लगी गेहूं की फसल को काटकर थ्रेसिंग के लिए रखा था।
इस फसल को हाथियों ने तहस-नहस कर दिया। घटना सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि मौके पर 25 से 30 क्विंटल गेहूं की कटी फसल रखी हुई थी। इसके अलावा हाथियों (Elephants havoc) ने केले के पौधों को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के समय फार्म हाउस के पास चौकीदार सो रहा था। चौकीदार द्वारा शोर मचाने के बाद तीनों हाथी फेंसिंग पार कर जंगल की ओर लौट गए। इस संबंध में पीडि़त बैजनाथ केशरी ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब 2 वर्ष पूर्व भी हाथियों ने इसी फार्म हाउस में घुसकर तीन एकड़ जौ की फसल को नष्ट (Elephants havoc) किया था और पानी की पाइपलाइन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
रामानुजगंज वन परिक्षेत्र की रेंजर डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि क्षेत्र में 22 हाथियों का दल सक्रिय है। बुधवार की घटना में इसी दल से अलग हुए 3 हाथी फार्म हाउस (Elephants havoc) तक पहुंच गए थे।
वर्तमान में हाथियों का दल लुर्गी पहाड़ होते हुए रामपुर के जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है और आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।