
रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत निवासी एक ग्रामीण रविवार की सुबह गांव से लगे जंगल में भैंस चराने गया था। इसी दौरान झारखंड की ओर से आए एक हाथी ने उस पर हमला (Elephant killed villager) कर दिया। वह जान बचाने भागा, लेकिन हाथी ने दौड़ाकर सूंड से लपेटा और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पैरों तले कुचलकर मार डाला। ग्रामीणों की सूचना पर मृतक के परिजन व वन अमला मौके पर पहुंचा और शव बरामद कर पीएम कराया। पीएम पश्चात शव परिजन को सौंप दिया गया। वन विभाग द्वारा मृतक के परिजन को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई।
घटना सुबह करीब 5.30 बजे शिवपुर जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शिवपुर निवासी इन्द्रनाथ सिंह 63 वर्ष भैंस चराने के लिए जंगल की ओर गए थे, इसी दौरान झारखंड की ओर से आए एक नर हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी द्वारा कुचल दिए जाने से उनकी मौके पर ही मौत (Death in elephant attack) हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
रेंजर दिलरुबा बानो ने बताया कि झारखंड की ओर से एक नर हाथी शिवपुरी जंगल क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान भैंस चराने गए ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग (Balrampur Forest Team) की टीम द्वारा हाथी की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।
रेंजर दिलरुबा बानो ने बताया कि वन विभाग लगातार सुबह-शाम प्रचार-प्रसार के माध्यम से ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने तथा हाथियों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दे रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण जंगल में चले जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और वन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
वन विभाग द्वारा मृतक के परिजन को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है, वहीं मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है। इधर हाथी के हमले में मृत इंद्रजीत सिंह के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं इस घटना के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।