
बलरामपुर। बलरामपुर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की उपस्थिति में जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनस्र्थापना समिति की बैठक हुई। बैठक में एसईसीएल भटगांव (SECL Bhatgaon) क्षेत्र की मदननगर खुली खदान परियोजना से प्रभावित राजपुर तहसील के ग्राम चौरा के लोगों को नौकरी, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़े प्रावधानों और नियमों की पूरी जानकारी दी गई। बताया गया कि इन प्रावधानों का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, रोजगार और बसाहट की ऐसी व्यवस्था देना है, जिससे उनका जीवन स्तर और बेहतर हो सके।
बैठक में मौजूद लोगों को बताया गया कि ग्राम चौरा के 189 खातेदारों की लगभग 482 एकड़ निजी भूमि अधिग्रहित की जा रही है। कोल इंडिया पुनर्वास एवं पुनस्र्थापना नीति 2012 के तहत हर 2 एकड़ अधिग्रहित भूमि पर एक स्थायी नौकरी (Permanent Job) दी जाएगी। रोजगार क्लबिंग कॉन्सेप्ट या अवरोही क्रम में दिया जाएगा।
जो भू-स्वामी नौकरी नहीं लेना चाहते, उन्हें नौकरी के बदले 5 लाख रुपए प्रति एकड़ की दर से एकमुश्त मुआवजा मिलेगा। यह राशि कम से कम 50 हजार रुपए होगी। नौकरी (SECL Job) के लिए एसडीएम और तहसीलदार से सत्यापित भू-राजस्व दस्तावेज, जाति, निवास और शैक्षणिक प्रमाण-पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। भूमिहीन प्रभावितों को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सहकारी समिति (Co-Operative Society) बनाकर वे ठेकेदारी का काम भी कर सकेंगे। परियोजना से जुड़े अप्रत्यक्ष रोजगार और पुनर्बसाहट स्थल की दुकानों के आवंटन में प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता मिलेगी। बैठक में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, एसडीएम विवेक अनमोल टोप्पो, एसईसीएल के पदाधिकारीगण व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि भूमि के बदले आरएफसीटीएलएआर अधिनियम 2013 के तहत सर्किल रेट (Circle Rate) का लगभग 4 गुना मुआवजा दिया जाएगा। मकान, कुएं, पेड़, पौधे और दूसरी संपत्तियों का भी उचित मूल्यांकन कर 100 प्रतिशत सोलेशियम के साथ भुगतान होगा। विस्थापित परिवारों को पुनर्बसाहट स्थल पर 6 डिसमिल भू-खंड मिलेगा।
जो परिवार (Coal mines effected family) कहीं और बसना चाहें, उन्हें 3 लाख रुपए एकमुश्त दिए जाएंगे। पुनर्बसाहट स्थल पर सडक़, बिजली, पेयजल, स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन और खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।