
वाड्रफनगर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार में व्यवसायियों को अच्छी-खासी आमदनी की उम्मीद होती है, लेकिन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर निवासी मोबाइल व्यवसायी (Theft in mobile shop) को त्योहार से पहले बड़ा झटका लगा है। दरअसल धनतेरस के दिन शुक्रवार की सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान से लाखों रुपए के महंगे मोबाइल गायब थे। उसे समझ में आ गया कि दुकान में चोर घुसे थे। जब वह छत पर गया तो दरवाजा कटा हुआ था। चोरों द्वारा उसे ग्राइंडर से काटा गया था। यही नहीं, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चोर साथ ले गए थे। सूचना पर वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर स्थित जानू मोबाइल दुकान में गुरुवार की रात लाखों रुपए के मोबाइल चोर ले उड़े। वे साथ में सीसीटीवी का डीव्हीआर भी ले गए। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में भय और चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि शातिर चोरों ने दुकान में प्रवेश करने के लिए पहले ग्राइंडर की मदद से छत के ऊपर लगे दरवाजे को काटा और फिर अंदर दाखिल हुए।
दुकान में रखे कई महंगे मोबाइल फोन चोरी (Mobile theft) करने के बाद आरोपी अपने साथ सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ले गए ताकि वारदात से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें और उनकी पहचान सामने न आ सके। संचालक धनतेरस के दिन गुरुवार की सुबह जब दुकान पहुंचे तब उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई।
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए मोबाइल फोन की वास्तविक कीमत और संख्या का आकलन किया जा रहा है।
त्योहार के मद्देनजर दुकानदार अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे थे। लेकिन त्योहार से ठीक पहले हुई इस बड़ी चोरी ने उनकी खुशियों को मायूसी में बदल दिया है। वहीं बाजार में हुई इस वारदात ने पुलिस (Wadrafnagar police) के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस ने दुकान में फूट व फिंगर प्रिंट लेने के साथ ही आस-पास के दुकानों व घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने शुरु कर दी है।