
Electricity Demand In UP:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बांदा जिले के एक गांव में पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति ठप होने का मुद्दा उठाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सरकार से सवाल पूछा कि आखिर 24 घंटे बिजली देने के दावों के बावजूद गांव में एक महीने से बिजली क्यों नहीं है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, " उप्र के मुख्यमंत्री जी का ‘24 घंटे बिजली आने के दावों’ का ट्रांसफॉर्मर उड़ गया है क्या? महीने भर से बिजली न आने का रिकॉर्ड बनाने का होर्डिंग सरकार लगवाएगी या जनता?" भाजपा सरकार मतलब भ्रष्टाचार का अंधकार! #असफल_मुख्यमंत्री_उप्र"
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें दावा किया गया है कि बांदा के एक गांव में पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति नहीं हुई है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार से जवाब मांगा और ग्रामीणों की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने अब एक बड़ा सियासी रूप ले लिया है। प्रदेश के कई जिलों में चल रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर विपक्ष सीधे मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े कर रहा है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक, सरकार के '24 घंटे बिजली' देने के दावों को लेकर घेराबंदी शुरू हो गई है।
वहीं, बढ़ती शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिजली विभाग सभी तकनीकी खामियों और व्यवस्थागत समस्याओं को तत्काल दूर करे, ताकि भीषण गर्मी के दौरान प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।