
कुंदापुर। कर्नाटक के तटीय क्षेत्र उडुपी जिले के कुंदापुर में शुक्रवार हुई सनसनीखेज गोलीकांड की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। हेब्री निवासी और वर्तमान में बारकूर में रह रहे आइवन रिचर्ड मस्करेनस (45) की उनके करीबी मित्र डे ग्रिक (42) ने कथित रूप से बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से मित्रता थी और वे व्यावसायिक रूप से भी एक-दूसरे के संपर्क में थे। इसी दोस्ती के बीच उत्पन्न कारोबारी विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया।
पुलिस के अनुसार आइवन रिचर्ड मस्करेनस और डे ग्रिक दोनों दोस्तों के बीच किसी व्यावसायिक लेन-देन को लेकर मोबाइल पर तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर डे ग्रिक ने आइवन को कुंदापुर आने की चुनौती दी। इसके बाद आइवन अपनी दूसरी पत्नी ललिता के साथ कार से कुंदापुर पहुंचे। दोनों मित्रों की मुलाकात चर्च रोड स्थित संत जोसेफ स्कूल के सामने हुई, जहां बहस फिर तेज हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ललिता के अनुसार विवाद के दौरान डे ग्रिक ने अपने पास मौजूद पिस्तौल से आइवन के कमर के हिस्से पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल आइवन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी डे ग्रिक मौके से फरार है।
पुलिस ने बताया कि आइवन रिचर्ड मस्करेनस अपने मित्रों के साथ रेत कारोबार और लैंड लिंक्स से जुड़े व्यवसाय में सक्रिय थे। उनकी पहली शादी से बच्चे हैं, जबकि वर्तमान में वह ललिता के साथ बारकूर में रह रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों का पारिवारिक जीवन सौहार्दपूर्ण था। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या केवल कारोबारी दुश्मनी का परिणाम थी या इसके पीछे अन्य व्यक्तिगत कारण भी जुड़े हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उडुपी के पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। एफएसएल तथा सोको टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मणिपाल अस्पताल भेज दिया गया है। कुंदापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कारोबारी विवाद को प्रमुख कारण माना जा रहा है, जबकि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।