
Banswara News : बांसवाड़ा के ठीकरिया के दाहोद मार्ग पर दुर्गा पेट्रोल पंप के निकट बुधवार सुबह हुए भीषण स्कूल वैन हादसे ने 16 वर्षीय हयान वसानिया के सपनों के साथ उसके परिवार की खुशियां भी छीन लीं। पढ़ाई में अव्वल, सोशल मीडिया पर उभरता कंटेंट क्रिएटर और परिवार की उम्मीदों का केंद्र हयन अब केवल यादों में रह गया है। उसकी असमय मौत ने सबको झकझोर दिया। परिजन ज्योतिष वसानिया ने बताया कि सुबह स्कूल जाते समय हयान ने मुस्कुराते हुए कहा था, वापस आकर दाल-चावल और पराठा खाऊंगा। बड़े भैया वियतनाम से आ रहे हैं, उनका कमरा सजाएंगे। कल स्कूल नहीं जाऊंगा।
किसी ने नहीं सोचा था कि यह उसकी आखिरी ख्वाहिश होगी। हयान ने कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर कंटेंट बनाना शुरू किया। कम समय में उसके 4,200 से अधिक फॉलोअर्स हो गए। एक उसके वीडियो पर उसके 13 लाख व्यूज व 37 हजार से अधिक लाइक्स थे। उसका सपना एक सफल कंटेंट क्रिएटर बनने का था। बड़े भाई कलश वसानिया वियतनाम में हैं। उन्होंने कंटेंट बनाने में मदद के लिए हयान के वास्ते ड्रोन खरीदा। उसे लेकर आने वाले थे।
कक्षाध्यापक धर्मवीर सिंह ने बताया कि हयन पढ़ाई में बेहद मेधावी छात्र था। गणित और विज्ञान उसके प्रिय विषय थे। पिछले वर्ष कक्षा 9 में उसने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। पढ़ाई के अलावा उसे तबला वादन और हैंडबॉल खेलने का भी विशेष शौक था। शिक्षक बताते हैं कि वह अनुशासित, जिज्ञासु और हमेशा कुछ नया सीखने वाला विद्यार्थी था।
महिला थाना के एएसआइ युवराज सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब 7.20 बजे दाहोद मार्ग से महिला थाना जा रहे थे। तभी दुर्गा पेट्रोल पंप के पास जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि स्कूल वैन खड़े ट्रक से टकराई हुई थी और अंदर बच्चे चीख रहे थे। टक्कर के कारण बैन का दरवाजा जाम हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा खोलकर घायल बच्चों को बाहर निकाला गया और निजी ऑटो से महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल छात्र गर्व ने बताया कि उनकी वैन के आगे स्कूल की ही एक अन्य वैन चल रही थी। चालक ने उसे ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से वैन की जोरदार टक्कर हो गई।