बांसवाड़ा

Banswara : चर्चित विधायक की ‘काकी’ पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हारी, चार बार सरपंच रह चुकीं थी चंपा पटेल

Banswara : आनंदपुरी (बांसवाड़ा). कानेला ग्राम पंचायत में चार लगातार बार सरपंच रह चुकीं चंपा पटेल की पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:36 PM IST
banswara mla aunt loses election champa patel sarpanch four times kanaila
Banswara : बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल की काकी चंपा पटेल। फोटो पत्रिका

Banswara : आनंदपुरी. कानेला ग्राम पंचायत में चार लगातार बार सरपंच रह चुकीं चंपा पटेल की पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। वार्ड नंबर 1 से भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं चंपा पटेल को कांग्रेस प्रत्याशी मनोज पटेल ने 176 मतों से पराजित किया। चंपा पटेल बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल की काकी है। मतगणना में कांग्रेस के मनोज पटेल को 1142 वोट मिले, जबकि बीएपी प्रत्याशी चंपा पटेल को 966 मत प्राप्त हुए। इस तरह मनोज पटेल ने 176 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

चार बार सरपंच रहने के बाद भी नहीं मिली सफलता

चंपा पटेल लंबे समय तक कानेला ग्राम पंचायत की सरपंच रहकर स्थानीय राजनीति में सक्रिय रही हैं। लगातार चार बार सरपंच रहने से क्षेत्र में उनकी अलग राजनीतिक पहचान बनी थी। इस बार उन्होंने सरपंच के बजाय पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा, लेकिन मतदाताओं ने उन्हें जीत नहीं दिलाई। विधायक जयकृष्ण पटेल की चाची होने और पंचायत स्तर पर लंबे राजनीतिक अनुभव के बावजूद मिली इस हार के बाद क्षेत्र में चुनाव परिणाम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी मनोज पटेल की जीत भी चर्चा में है।

डूंगरा छोटा पंचायत समिति : पहली बार मिलेगा अपना प्रधान

कसारवाड़ी. नवनिर्मित डूंगरा छोटा पंचायत समिति को पहली बार अपना प्रधान मिलने जा रहा है। 15 सदस्यीय समिति में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को दो-दो सीटें मिली है। चुनाव नतीजों के साथ ही अब क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है कि नवगठित पंचायत समिति का पहला प्रधान कौन होगा।

बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस खेमे में प्रधान पद के दावेदारों की सक्रियता और लॉबिंग बढ़ गई है। हालांकि पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन प्रधान पद के चेहरे पर आम सहमति बनाना नेतृत्व के सामने चुनौती है। पहली बार गठित पंचायत समिति का मुखिया बनने के लिए दावेदारों की नजरें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी है। पहले प्रधान के कंधों पर क्षेत्र के बुनियादी विकास कार्यों को गति देने के साथ ही नवगठित पंचायत समिति की शुरुआती प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से स्थापित करने की जिम्मेदारी भी होगी।