
राजस्थान में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल
Jaikrishn Patel Update : बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र से BAP विधायक जयकृष्ण पटेल पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। ऐसी संभावना जताई जा रही है एसीबी कोर्ट के फैसले से पहले ही उनकी विधायकी न चली जाए। राजनीतिक हल्कों में जोरदार चर्चा हो रही है। साथ यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या फिर राजस्थान विधानसभा में 199 विधायक ही रहेंगे।
हुआ यह है कि बीएपी विधायक जयकृष्ण पटेल के रिश्वतकांड की जांच विधानसभा की सदाचार समिति को सौंप दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को ये आदेश दिए। सदाचार समिति मामले की जांच कर जयकृष्ण पटेल से भी पूछताछ करेगी। यदि समिति पटेल के जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई तो एसीबी कोर्ट के फैसले से पहले जयकृष्ण पटेल की विधायकी पर खतरा मंडरा सकता है। 12 सदस्यीय इस समिति के सभापति भाजपा विधायक कैलाश वर्मा है।
अभी तक के अपडेट में 20 लाख रुपए की रिश्वत मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के हत्थे चढ़े बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र (बांसवाड़ा) के भारत आदिवासी पार्टी के विधायक जय कृष्ण पटेल को बुधवार को एसीबी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधायक का पीए रोहित मीणा से रुपए लेकर छिपाने वाला जसवंत उर्फ लक्ष्मण मीणा और जगराम को 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
एसीबी के अनुसार विधायक जयकृष्ण पटेल पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे थे। एसीबी ने कोर्ट से आरोपियों की चार दिन के रिमांड की मांग की थी। एसीबी ने कोर्ट को बताया कि अभी उनसे पूछताछ करनी है, लेकिन विधायक की रिमांड नहीं मिल पाई।
Updated on:
8 May 2025, 11:38 AM IST
Published on:
8 May 2025, 11:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.