Rajasthan Ration Dealers : होली से पहले बांसवाड़ा जिले के राशन डीलरों और खाद्य विभाग के बीच विवाद गहरा गया है। आक्रोशित राशन डीलरों ने खाद्य विभाग को चेताया समस्या का समाधान शीघ्र करें नहीं तो 1 अप्रैल से हड़ताल पर जाएंगे। जानें पूरा मामला।
Rajasthan Ration Dealers : होली से पहले बांसवाड़ा जिले के राशन डीलरों और खाद्य विभाग के बीच कमीशन भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है। विभाग नवंबर तक का कमीशन जारी करने का दावा कर रहा है, जबकि डीलरों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें केवल सितंबर 2024 तक का भुगतान मिला है। होली त्योहार से पहले डीलरों में आक्रोश है।
बांसवाड़ा राशन डीलर्स संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण कलाल व कोषाध्यक्ष विनोद गौतम का कहना है कि पिछले पांच माह से कमीशन बकाया है। जनवरी के बाद सितंबर, 2024 तक का भुगतान हुआ है। शीघ्र भुगतान नहीं होने पर डीलर एक अप्रैल से हड़ताल पर जाएंगे। उनका आरोप है कि बजट में सभी वर्गों को राहत मिली, लेकिन खाद्य विभाग की अनदेखी की गई।
1- बढ़ती महंगाई के बीच कमीशन अपर्याप्त है।
2- मार्च 2018 में कमीशन 70 से बढ़ाकर 125 रुपए प्रति क्विंटल किया गया।
3- वर्ष 2025 में इसे 150 रुपए प्रति क्विंटल किया गया।
4- इसमें से 9 रुपए मशीन मेंटिनेंस के नाम पर कट रहे हैं।
वर्ष 2023 में गेहूं उठाने के लिए एडवांस राशि जमा कराई गई थी। उसी समय केंद्र सरकार ने गेहूं मुफ्त कर दिया। जमा राशि आज तक वापस नहीं की गई। संबंधित माह का कमीशन भी बकाया है।
डीलरों का कहना है कि वास्तविक बढ़ोतरी नगण्य है और वर्तमान व्यवस्था में गुजारा कठिन हो रहा है। विभाग ने नवंबर तक का कमीशन जारी किया जा चुका है। भुगतान तीन चरणों में होता है।
जयपुर स्तर पर ईसीएस प्रक्रिया लंबित होने से राशि खातों में नहीं पहुंच पाई है। कब तक भुगतान होगा, इस पर स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई गई है।
ओमप्रकाश जोतड़, जिला रसद अधिकारी, बांसवाड़ा