बांसवाड़ा के गढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे होटल पर दबिश देकर देह व्यापार और अवैध शराब परोसने के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई में होटल संचालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
बांसवाड़ा। गढ़ी थाना क्षेत्र के मोर गांव स्थित एक हाईवे होटल में देह व्यापार और अवैध शराब परोसने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गढ़ी थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा (डीएसबी) की संयुक्त टीम ने होटल में दबिश देकर तीन युवतियों, तीन व्यक्तियों और होटल संचालक गुलाबसिंह को मौके से गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
गढ़ी थाना उप निरीक्षक प्रकाश चंद मीणा ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर होटल में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान होटल से 19 बीयर की बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी पिछले कई साल में इसी होटल में अवैध शराब से जुड़े कई मामले पकड़े जा चुके हैं। हर बार कार्रवाई होने के बावजूद होटल संचालक ने अपनी गतिविधियां बंद नहीं कीं और यहां कथित रूप से देह व्यापार का नेटवर्क भी संचालित होने लगा।
पुलिस के अनुसार देह व्यापार की लगातार शिकायतें मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष योजना बनाई गई। पुलिस को पहले कई बार सूचना मिली थी, लेकिन मौके से ठोस सबूत नहीं मिलने के कारण कार्रवाई पूरी तरह सफल नहीं हो पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने एक बोगस ग्राहक को पैसे देकर होटल भेजा। पुलिस ने पहले से नोटों के नंबर दर्ज कर लिए थे। बोगस ग्राहक ने होटल संचालक से सौदा तय कर वही नोट दिए, जिससे पूरे मामले की पुष्टि हो गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों में तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। वहीं तीन अन्य व्यक्तियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उप अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि होटल संचालक और कुछ दलालों की मिलीभगत से कस्बे में युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। होटल के रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।