
Chhattisgarh Road Accident (एआई - तस्वीर)
पाली। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक का हैंडल युवक के सीने में घुस गया। घायल हालत में उसे तुरंत बांगड़ चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार चांचोड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय रमेश किसी सामाजिक कार्य से अपने रिश्तेदार के यहां गया था। वहां से वापस चांचोड़ी लौटते समय केनपुरा गांव के पास हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि सामने से गलत दिशा में आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में रमेश का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। गिरते समय बाइक का हैंडल सीधे उसके सीने में घुस गया। घटना देखकर आसपास से गुजर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक के सीने में फंसा हैंडल बाहर निकाला और उसे तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। युवक की हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल में तुरंत उपचार शुरू किया गया।
सर्जरी विभाग के डॉ. मोहनलाल चौधरी ने बताया कि बाइक का हैंडल सीने में घुसने से युवक की एक पसली टूट गई थी। पसली का टुकड़ा अंदर सीने में चला गया था। चोट इतनी गंभीर थी कि सीने में बड़ा छेद हो गया था और अंदर हृदय तथा फेफड़े तक दिखाई दे रहे थे। हालत ऐसी थी कि हाथ की तीन अंगुलियां तक अंदर जा रही थीं। छेद से हवा बाहर आने के साथ अंदर भी जा रही थी, जिससे युवक को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी।
डॉक्टरों ने तत्काल घाव के पास एक छोटा छेद कर नली लगाई, ताकि फेफड़ों तक हवा का दबाव संतुलित रखा जा सके और मरीज को सांस लेने में राहत मिले। अस्पताल में प्राथमिक उपचार और जरूरी प्रक्रिया के बाद युवक की हालत स्थिर की गई। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका आगे उपचार जारी रहेगा। वहीं दूसरी तरफ नगर के रॉकी जाव क्षेत्र में शनिवार को एक मकान के निर्माण कार्य के दौरान पत्थर की पट्टी टूटने से एक श्रमिक गंभीर घायल हो गया। उसे सोजत अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Updated on:
16 May 2026 09:53 pm
Published on:
16 May 2026 09:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
