
पाली में स्कूली छात्र की हत्या (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)
सोजत (पाली): सोजत रोड थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के मासूम आरिफ की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बालक का शव शाम को गांव के पास जंगल में तालाब किनारे लहूलुहान हालत में मिला।
परिजनों के अनुसार, आरिफ (12) पुत्र फिरोज खान सुबह रोजाना की तरह स्कूल के लिए घर से निकला था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद शाम करीब 7 बजे जंगल में तालाब के पास उसका शव मिला। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मासूम के हाथ कमर के पीछे बांध रखे थे और पैरों को भी तीन जगहों से कपड़ों से जकड़ा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही सोजत पुलिस उपअधीक्षक रतनाराम देवासी सहित भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस प्राथमिक दृष्टि में इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि बालक स्कूल से जंगल तक कैसे पहुंचा और उसे वहां कौन लेकर गया। वारदात के बाद जिले भर में नाकाबंदी कराई गई थी। फिलहाल, पुलिस ने एक युवक को दस्तयाब किया है।
शव की वीभत्स स्थिति और हत्या के तरीके को देखते हुए ग्रामीणों में यह चर्चा तेज हो गई है कि बालक की बलि तंत्र-मंत्र की सिद्धि के लिए दी गई है। इस अंदेशे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी के साथ-साथ भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
आरिफ के शरीर पर मौजूद घाव हत्यारों की दरिंदगी की गवाही दे रहे हैं, जिस तरह से मासूम का गला रेता गया और उसके हाथ-पैर बांधे गए, उसने हर किसी की रूह कंपा दी है। ग्रामीणों का मानना है कि इतनी बेरहमी केवल किसी गहरी रंजिश या फिर अंधविश्वास के चलते ही की जा सकती है। फिलहाल, पुलिस तंत्र-मंत्र और रंजिश, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है।
बताते चलें कि समाचार लिखे जाने तक परिजन मोर्चरी नहीं पहुंचे थे। थानाधिकारी विश्नोई ने बताया कि शाम तक मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपी मंदबुद्धि और सनकी प्रवृत्ति का है।
Updated on:
15 May 2026 02:11 pm
Published on:
15 May 2026 02:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
