Rajasthan Government Teachers : राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश पर जारी फरवरी के शिविरा पंचांग ने प्रदेश के शिक्षकों व लाखों बोर्ड विद्यार्थियों को असमंजस में डाल दिया है। जानें पूरा मामला।
Rajasthan Government Teachers : राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश पर जारी फरवरी के शिविरा पंचांग ने प्रदेश के शिक्षकों व लाखों बोर्ड विद्यार्थियों को असमंजस में डाल दिया है। 12 फरवरी से 10वीं एवं 12वीं बोर्ड के इम्तिहान शुरू होंगे और 11 मार्च तक चलेंगे। इस बीच 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस एवं महाराणा प्रताप राज्यारोहण दिवस मनाने के निर्देश है। शिक्षक और बोर्ड विद्यार्थी इस कशमकश में है कि 28 फरवरी को बोर्ड परीक्षा के बीच उत्सव का आयोजन कैसे करें। पालना नहीं करें, तो विभागीय कार्रवाई का डण्डा चल सकता है। इधर, शिक्षक संगठनों ने पालना को लेकर कहा कि आयोजन औपचारिक ही रहेगा।
यह है आदेश हाल ही जारी फरवरी, 2026 के शिविरा पंचांग में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस और महाराणा प्रताप राज्यारोहण दिवस मनाने के निर्देश दिए हैं। इसी दिन 10वीं बोर्ड की संस्कृत, 12वीं बोर्ड की अर्थशास्त्र, कृषि जीव विज्ञान व जीव विज्ञान तथा पांचवीं बोर्ड की पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा है।
शिक्षकों का कहना है कि विद्यालयों में परीक्षा के हिसाब से बैठक व्यवस्थाएं होती है। परीक्षार्थी भी पेपर खत्म होते ही घर लौट जाते है। उन्हें रोकना संभव नहीं है। अगली परीक्षा की तैयारी भी करनी होती है।
शिक्षक संगठनों ने कहा परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पूर्व एवं एक घंटे बाद तक परीक्षा से जुड़ा कार्य होता है। ऐसे में आयोजन करना संभव नहीं है।
दिनेश मईड़ा, जिलाध्यक्ष, राजस्थान शिक्षक संघ, राष्ट्रीय
सरकार का ध्येय अच्छा है। महापुरुषों के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी युवा पीढ़ी तक पहुंचनी जरूरी है। पर, परीक्षा के बीच आयोजन थोड़ा मुश्किल है। आयोजन औपचारिक रहेगा।
राहुल डिण्डोर, जिलाध्यक्ष, रेसला