बारां

Anta By Election Result: अंता उप-चुनाव में कांग्रेस की प्रंचड जीत, जानिए कौन हैं प्रमोद जैन भाया

Rajasthan Anta By Election Result: अंता उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने बड़ी जीत दर्ज कर एक बार फिर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की है। भाया हाड़ौती क्षेत्र में लंबे समय से मजबूत जनाधार और सक्रिय नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं।
2 min read
Nov 14, 2025
Pramod Jain Bhaiya
प्रमोद जैन भाया। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan Anta By Election Result: अंता उपचुनाव में जीत दर्ज कर सुर्खियों में आए कांग्रेस नेता प्रमोद जैन भाया प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत और अनुभवी चेहरा माने जाते हैं। भाया का अंता और हाड़ौती क्षेत्र में व्यापक जनाधार है।

शुक्रवार को आए नतीजों में भाया ने 15,612 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें कुल 69,462 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार मोरपाल सुमन को 53,959 और निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा को 53,800 वोट प्राप्त हुए। प्रमोद जैन भाया हाड़ौती क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में शुमार हैं। वे अशोक गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और अंता क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय राजनीति कर रहे हैं।

भाया ने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2003 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत के साथ की। इसके बाद 2008 और 2018 में वे कांग्रेस के टिकट पर अंता से विधायक बने। वर्ष 2018 से 2023 तक वे गहलोत सरकार में खनन और गौपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री रहे। उनके मंत्री कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक सक्रियता की काफी चर्चा रही। हालांकि साल 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी के प्रभु लाल सैनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

मंत्री रहते कट चुका है चालान

साल 2019 में खनन एवं गौपालन मंत्री रहते हुए भाया का चालान काटा गया था। वे अपनी पत्नी उर्मिला जैन के साथ बिना हेलमेट बाइक पर निकले थे। बारां के प्रताप चौक पर पुलिस ने दोनों का हेलमेट न पहनने पर चालान काटा और उनसे 200 रुपए का जुर्माना वसूला था।

जन्म और पढ़ाई

प्रमोद जैन भाया का जन्म 8 दिसंबर 1965 को अंता में हुआ। उन्होंने स्नातक तक की पढ़ाई पूरी की है। उनकी पत्नी का नाम उर्मिला जैन है।

यह वीडियो भी देखें

अंता विधानसभा का भौगोलिक परिदृश्य

अंता विधानसभा क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि आधारित इलाका है, जहां की भूमि काफी उपजाऊ मानी जाती है। नहरी सिंचाई की उपलब्धता ने यहां की खेती को और मजबूत बनाया है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति भी संतोषजनक रहती है। क्षेत्र में गैस चालित अंता एनटीपीसी पावर प्लांट मौजूद है, जो इस इलाके की पहचान के साथ-साथ रोजगार का महत्वपूर्ण केंद्र भी है।

Updated on:
14 Nov 2025 05:48 pm
Published on:
14 Nov 2025 04:27 pm