बारां

Free Bus Travel: राजस्थान रोडवेज का बड़ा तोहफा, अब 22 जनवरी तक फ्री में करें सफर, इनको मिलेगा फायदा

Rajasthan Roadways Free Bus Travel: तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा के दौरान रोडवेज ने अभ्यर्थियों को आठ दिन तक साधारण और द्रुतगामी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देकर बड़ी राहत दी है।
2 min read
• •
Updated: 18 Jan 2026, 4:16 PM IST
Rajasthan Roadways Free Bus Travel
राजस्थान रोडवेज। फोटो- पत्रिका

बारां। तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा को लेकर रोडवेज की ओर से अभ्यर्थियों को निशुल्क यात्रा की बड़ी राहत दी गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व एवं दो दिन पश्चात तक निगम की साधारण एवं द्रुतगामी बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा दी जा रही है। परीक्षा 17 जनवरी से शुरू हुई है। इससे 15 जनवरी से यह सुविधा देना शुरू कर दिया गया और अब परीक्षा समाप्ति के दो दिन बाद 22 जनवरी तक सुविधा दी जाएगी।

इससे अभ्यर्थी अपने निवास स्थल, कोचिंग सेंटर अथवा तैयारी स्थल से परीक्षा केंद्र तक बिना किराया दिए सहजता से आवागमन करने को आठ दिन का समय मिलेगा। परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज ने जोनल मैनेजरों को भी आगार डिपो प्रबंधकों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों की आवाजाही से रोडवेज का यात्रीभार भी बढ़ गया है। यहां बस स्टैंड पर शनिवार को विभिन्न मार्गों की बसों में सीट के लिए मारामारी रही।

बसों को रखना होगा दुरुस्त

परीक्षा के दौरान बढ़ने वाले यात्रीभार को देखते हुए रोडवेज ने सभी आगारों को अतिरिक्त बसों के संचालन एवं पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्थायी बस स्टैंड स्तर पर ही बसों के ठहराव की व्यवस्था कर आगारों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया है। आवश्यकता होने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। हालांकि जिले में अभ्यर्थियों की संख्या कम होने के कारण इस तरह की समस्या नहीं है।

सीट को लेकर रही मारामारी

रोडवेज बसों का यात्रीभार बढ़ने से शनिवार को विभिन्न मार्गों की बसों में सीट के लिए सवारियों को मशक्कत करनी पड़ी। सीट रोकने के लिए कोई खिड़कियों से घुसकर लगेज रख रहा था तो कोई दरवाजों पर लटक रहा था। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को काफी असुविधा हुई। बाहर से आने वाली बसें ठसाठस भरकर आ रही थीं तो यहां से रवाना होने वाली बसें भी भरकर जा रही थीं।

रोडवेज के प्रमुख निर्देश

  • स्थायी बस स्टैंड स्तर पर ही बसों का ठहराव
  • उद्घोषणा प्रणाली, बुकिंग विंडो व कर्मचारियों का अधिकतम उपयोग
  • परीक्षा से दो दिन पहले से दो दिन बाद तक निशुल्क यात्रा सुविधा
  • साधारण व द्रुतगामी बसों में मिलेगी सुविधा
  • अभ्यर्थियों की संख्या अनुसार अतिरिक्त बस व स्टाफ तैनात
  • आगार स्तर पर निरीक्षण व निगरानी की व्यवस्था

यह वीडियो भी देखें

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कोटा और झालावाड़ मार्ग की बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। यात्रीभार करीब 20 फीसदी तक बढ़ गया है। संक्रांत के बाद वैसे भी यात्रीभार रहता है, लेकिन सुरक्षित व सहज यात्रा सुलभ कराने का प्रयास किया जा रहा है। परीक्षार्थियों को दो दिन पहले और बाद 15 से 22 जनवरी तक प्रवेश-पत्र देने पर निशुल्क सेवा दी जाएगी।

  • योगेंद्र सिंह, मुख्य प्रबंधक, बारां आगार
Updated on:
18 Jan 2026, 4:16 PM IST
Published on: