बारां

Rajasthan Murder: पत्नी के अवैध संबंध के शक में पति ने युवक को दी खौफनाक सजा, हाथ-पैर बांधकर उतारा मौत के घाट

Murder In Illicit Relation: बारां जिले में अवैध संबंधों के शक को लेकर युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पाली थाना पुलिस ने इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
2 min read
May 15, 2026
Baran Murder Case
हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों को ले जाती पाली थाना पुलिस (फोटो: पत्रिका)

Murder Accused Brother Arrested: बारां जिले की पाली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 5 मार्च को तेलनी निवासी विजय सिंह भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका पुत्र गजराज सिंह उर्फ गजरा गेहूं की रखवाली के लिए खेत पर गया था, लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटा।

परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि गजराज को रामस्वरूप भील के मकान में कुछ लोग हाथ-पैर बांधकर ले गए थे और बबूल के पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट की जा रही थी। इसके बाद सुबह उसका शव घर के बाहर सड़क पर पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

MP से गिरफ्तार किए आरोपी 2 भाई

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जिसके आधार पर पाली थाना पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराम, रामस्वरूप, सीताराम और शिलाबाई को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे दो भाई राजाराम (26) और राधेश्याम भील (40) निवासी तेलनी को बुधवार को मध्यप्रदेश के साहानी कस्बे से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।

पत्नी से अवैध संबंध के शक में की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक गजराज सिंह के आरोपी बलराम भील की पत्नी से अवैध संबंध होने के संदेह को लेकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। इसी शक के चलते आरोपियों ने गजराज को खेत से पकड़कर घर लाया, जहां उसके हाथ-पैर बांधकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क पर डालकर मौके से फरार हो गए, ताकि घटना को दूसरा रूप दिया जा सके।

इस पूरे मामले में पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर लगातार जांच जारी रखी और फरार आरोपियों तक पहुंच बनाई। उपाधीक्षक ताराचंद के सुपरविजन में पाली थानाधिकारी विष्णु प्रसाद पंकज के नेतृत्व में कांस्टेबल भरतसिंह, विनोद कुमार और भोमाराम की टीम ने कार्रवाई की।

Updated on:
15 May 2026 10:17 am
Published on:
15 May 2026 08:18 am