बारां

राजस्थान में चलती बस रुकवाकर बाप-बेटी का अपहरण, जमीन विवाद में वारदात

Baran News: बारां में जमीन विवाद के चलते चलती बस रुकवाकर बाप-बेटी का अपहरण कर लिया गया। समरानियां के पास स्कॉर्पियो सवार आरोपी दोनों को जंगल ले गए। पुलिस की नाकाबंदी के बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। केलवाड़ा पुलिस ने दोनों को सकुशल बरामद कर मुख्य नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया।
2 min read
Jul 01, 2026
Rajasthan Father and Daughter Kidnapped
Rajasthan Father and Daughter Kidnapped (Photo-AI)

Rajasthan Baran Father and Daughter Kidnapped: बारां जिले में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। समरानियां के पास बदमाशों ने एक चलती बस को रुकवाकर उसमें सवार बाप-बेटी का अपहरण कर लिया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सख्त नाकाबंदी को देखकर आरोपी अपनी स्कॉर्पियो कार छोड़कर जंगल में भाग निकले। पुलिस ने अपहृत बाप-बेटी को सकुशल दस्तयाब कर लिया है।

बालाचार के पास रुकवाई बस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी महेश ओझा (47) अपनी बेटी के साथ केलवाड़ा से बस में सवार होकर वापस शिवपुरी लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे समरानियां से आगे बालाचार के पास दो वाहनों में सवार होकर आए तीन-चार बदमाशों ने बस को जबरन रुकवा लिया। आरोपी बस में घुसे और महेश व उनकी पुत्री को नीचे उतारकर स्कॉर्पियो कार में बिठाकर जंगल की तरफ भाग गए।

एसपी के निर्देश पर पुलिस की घेराबंदी

बस से अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के निर्देशन और शाहाबाद डीएसपी आशीष भार्गव के नेतृत्व में केलवाड़ा तथा शाहाबाद थाना पुलिस ने पूरे इलाके में सघन नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। हर तरफ पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी घबरा गए। खुद को फंसता देख वे अपहृत बाप-बेटी और अपनी स्कॉर्पियो कार को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गए।

मुख्य आरोपी नामजद, तलाश जारी

केलवाड़ा पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो कार को जब्त कर लिया है और पीड़ित बाप-बेटी को सुरक्षित छुड़ा लिया। प्रारंभिक जांच में इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे का कारण पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित महेश ओझा की रिपोर्ट पर केलवाड़ा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी लखन उर्फ रामकल्याण (निवासी केलवाड़ा) सहित तीन-चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Published on:
01 Jul 2026 06:43 pm