बारां जिले में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र के देहलनपुर गांव में चोरों ने घर में सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह रही कि वारदात के दौरान चोर घर में रखे आम और रोटी भी खाकर गए साथ ही कपड़ों-दस्तावेजों को भी अपने साथ ले गए।

Rajasthan Crime News: राजस्थान के बारां जिले से एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है। जिसमें चोरों ने गहने-नकदी के अलावा कपड़े और डॉक्यूमेंट भी चुरा लिए। मामला जिले के हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र का है। यहां चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन चोरी की कई घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे ही एक घटना में क्षेत्र के देहलनपुर गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया और जब सब लोग बाहर सोए हुए थे, चोर पीछे से दीवार तोड़कर घुसे और लाखों रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए। परिजनों को इसका पता सुबह उठने पर लगा। वारदात के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बारां के देहलनपुर गांव निवासी जगदीश लोधा के मकान में बुधवार देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार से सेंध लगाकर अंदर घुस गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर चौक में सो रहे थे। इसी का फायदा उठाते हुए चोर घर के अंदर पहुंच गए और अलमारी-बक्सों में रखी नकदी और जेवरात समेट ले गए।
परिजनों के अनुसार चोर करीब 2 लाख रुपए की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल नुकसान 10 लाख रुपए से अधिक का बताया जा रहा है। अनूठी बात ये सामने आई कि चोर नकदी और गहनों के अलावा परिवार के सदस्यों के डॉक्यूमेंट और कपड़े भी चुरा ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद चोरी के मामले का पता चला।
हैरानी की बात यह रही कि चोर वारदात को अंजाम देने के दौरान घर में रखे आम और रोटी खाकर गए। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी देर तक घर में रुककर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पहले खाना खाकर पेट भरा और फिर सामान चोरी करके ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण हरनावदाशाहजी थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीने में क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। इसके चलते बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।