
शव की पहचान थाना क्षेत्र के हरुनगला निवासी 30 वर्षीय रवीना पत्नी इकरार के रूप में हुई है। परिजनों ने कमरे में देखा तो वह चौखट से चुन्नी के सहारे लटकी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल पीआरबी और बारादरी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि रवीना का पति इकरार जयपुर में रहकर जरी का काम करता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पड़ोसी और रिश्तेदार भी मौके पर जुट गए। रवीना की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में चार वर्षीय बेटी मायशा और दो वर्षीय बेटा दानिश हैं। मां की अचानक मौत के बाद दोनों मासूमों के सिर से ममता का साया उठ गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मृतका के पिता तस्सुवर कैंट क्षेत्र के भौआपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।