
Pilibhit: बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम अमृता खास स्थित बालकराम सरस्वती शिशु मंदिर में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कक्षाएं चलने के दौरान विद्यालय परिसर की एक दीवार अचानक भरभराकर टिन शेड पर गिर गई। टिन शेड के नीचे बैठी दो शिक्षिकाएं और छह बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने आनन-फानन मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी बीसलपुर ले जाया गया। राहत की बात रही कि सभी की हालत खतरे से बाहर है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे विद्यालय में पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान परिसर की एक दीवार अचानक गिरकर टिन शेड पर आ गई। उस समय शेड के नीचे शिक्षिका साक्षी (21) और चंचल (24) के साथ छह बच्चे बैठे थे। तेज आवाज के साथ दीवार गिरते ही बच्चे और दोनों शिक्षिकाएं मलबे की चपेट में आ गए। हादसा होते ही स्कूल में अफरातफरी मच गई।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दबे बच्चों और शिक्षिकाओं को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर भेजा गया। हादसे में उपासना (9), दिव्यांशी (7), अभय प्रताप (9), ऋतिक (9), सार्थक (8) और यश (5) घायल हुए हैं। सभी बच्चे ग्राम अमृता खास के रहने वाले हैं। सीएचसी बीसलपुर में चिकित्सकों ने घायल बच्चों और दोनों शिक्षिकाओं का उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत सामान्य है।
हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम नागेंद्र पांडे भी विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि सभी छह बच्चे और दोनों शिक्षिकाएं खतरे से बाहर हैं। विद्यालय की दीवार अचानक क्यों गिरी, उसकी स्थिति पहले कैसी थी और हादसे के पीछे किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई, इसकी जांच कराई जा रही है।