
Gold-Silver Rates : बालोतरा। सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों के चलते लंबे समय से सुस्त पड़े ज्वेलरी कारोबार में वैवाहिक सीजन के साथ फिर रौनक लौटने लगी है। पिछले डेढ़ महीने में सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 18,300 रुपए से अधिक और चांदी की कीमत में प्रति किलो 21 हजार रुपए की गिरावट आई है। कीमतें घटने से आमजन के साथ विवाह की तैयारियों में जुटे परिवारों को बड़ी राहत मिली है। वर-वधू पक्ष के लोग जरूरत के अनुसार आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। इससे ज्वेलरी कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ महीने पहले सोने की कीमत 1 लाख 52 हजार 100 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो गुरुवार को घटकर 1 लाख 33 हजार 800 रुपए रह गई। इस अवधि में भाव 18 हजार 300 रुपए से अधिक नीचे आए हैं। वहीं, एक वर्ष पहले सोने की कीमत 1 लाख 86 हजार 800 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। इस लिहाज से सालभर में करीब 53 हजार रुपए की गिरावट दर्ज हुई है। चांदी के भाव में भी बड़ी कमी आई है। डेढ़ महीने पहले चांदी 1 लाख 88 हजार रुपए प्रति किलो थी, जो अब घटकर 1 लाख 67 हजार रुपए रह गई है। इस अवधि में 21 हजार रुपए की कमी आई है। वहीं, एक वर्ष में चांदी की कीमत में प्रति किलो लगभग 60 फीसदी गिरावट आई है।
नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख तथा दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 11 और 12 तारीख को बड़ी संख्या में शादियां हैं। ऐसे में भाव कम होने से विवाह वाले परिवार सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। बिक्री में तेजी आने से ज्वेलरी कारोबारी भी राहत महसूस कर रहे हैं। पिछले एक वर्ष से सोने-चांदी की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई थीं। इसके चलते आम लोगों के लिए आभूषण खरीदना मुश्किल हो गया था। लोग जरूरत के मुताबिक भी खरीदारी नहीं कर पा रहे थे। इसका सीधा असर ज्वेलरी कारोबार पर पड़ा और बाजार में सुस्ती छाई रही। अब कीमतों में आई गिरावट ने खरीदारी को गति दी है।
सोने-चांदी की कीमतें अधिक होने से वे बेटी के विवाह के लिए आभूषणों की खरीदारी को लेकर चिंतित थे। अब भाव कम होने पर उन्होंने सोने-चांदी के आभूषणों के ऑर्डर दिए हैं। इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।
भंवरलाल, शहरवासी
एक वर्ष से अधिक समय से कीमतें ऊंची होने के कारण कारोबार प्रभावित था। अब भाव घटने से लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। बिक्री में तेजी आने से कारोबारियों में खुशी है।
मुकेश जैन, ज्वेलरी कारोबारी