बाड़मेर

बाड़मेर: ASP दफ्तर में POCSO आरोपी ने काटा गला, खून से लथपथ देख उड़े पुलिस के होश, मचा हड़कंप

बाड़मेर में पॉक्सो केस के आरोपी ने एएसपी ऑफिस में पेपर कटर से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया। अब हालत स्थिर बताई जा रही है।

2 min read
Apr 30, 2026
Barmer News
अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती आरोपी (फोटो- पत्रिका)

Barmer News: बाड़मेर जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां महिला अपराध अनुसंधान सेल कार्यालय में पूछताछ के लिए लाए गए पॉक्सो केस के एक आरोपी ने पुलिस अधिकारियों के सामने ही आत्महत्या करने का प्रयास किया।

आरोपी ने टेबल पर रखे पेपर कटर से अपना गला रेत लिया, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। बाड़मेर के महिला थाने में दर्ज पॉक्सो केस के एक मामले में पुलिस ने आरोपी नरेश कुमार पुत्र दालाराम, निवासी गांधीनगर को गिरफ्तार किया था।

मामले की जांच महिला अपराध अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रभुराम द्वारा की जा रही थी। गुरुवार दोपहर को आरोपी नरेश को अनुसंधान और पूछताछ के लिए एएसपी कार्यालय लाया गया था।

बताया जा रहा है कि जब पुलिस आरोपी के फिंगरप्रिंट लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही थी, तभी नरेश ने अचानक टेबल पर रखे एक पेपर कटर को उठा लिया और अपनी गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। गला कटते ही आरोपी खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस अभिरक्षा में हुई इस अचानक वारदात से पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।

अस्पताल में उपचार और पुलिस की कार्रवाई

आरोपी को तुरंत लहूलुहान हालत में बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका उपचार किया और घाव पर टांके लगाए।

गनीमत रही कि कट ज्यादा गहरा नहीं था, जिससे उसकी जान बच गई। प्राथमिक उपचार और हालत स्थिर होने के बाद पुलिस उसे वापस एएसपी कार्यालय लेकर आई, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

जांच के आदेश

इस गंभीर मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। बाड़मेर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी नरेश ने फिंगरप्रिंट लेने के दौरान अचानक पेपर कटर से खुद पर हमला किया था।

उन्होंने कहा कि पुलिस कस्टडी में इस तरह की घटना होना सुरक्षा में बड़ी चूक है। इस मामले में जिस भी पुलिसकर्मी या स्टॉफ की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त विभागीय जांच करवाई जा रही है।

वहीं, दूसरी ओर मामले की जांच कर रहे एएसपी प्रभुराम ने मीडिया को विस्तृत जानकारी देने से फिलहाल इनकार कर दिया है। आरोपी युवक ने भी आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों पर चुप्पी साध रखी है।

Updated on:
30 Apr 2026 04:32 pm
Published on:
30 Apr 2026 02:53 pm
Also Read
View All